Breaking News

मनीष मिश्रा को भाजपा से टिकट मिला तो उनके साथ पूरा समय दूंगा, बस्ती की राजनीति को मिलेगी नई दिशा: ठाकुर राजा सिंह

तेलंगाना के फायर ब्रांड विधायक ठाकुर राजा सिंह पहुंचे मनीष मिश्रा के आवास, बोले- बस्ती को ‘बेस से स्पेस’ तक पहुंचाने का सपना होगा साकार, मनीष मिश्रा में दिखती है बड़े नेतृत्व की क्षमता

बस्ती। हिंदुत्व के फायर ब्रांड नेता एवं तेलंगाना के विधायक ठाकुर राजा सिंह कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में शामिल होने के बाद बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने समाजसेवी मनीष मिश्रा के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा के बीच सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान ठाकुर राजा सिंह ने मनीष मिश्रा की सामाजिक सक्रियता, राजनीतिक संभावनाओं और बस्ती के विकास को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।

हिंदुत्व के मुद्दों पर अपने बेबाक और तीखे बयानों के लिए चर्चित ठाकुर राजा सिंह ने कहा कि हिंदू और मुसलमान एक साथ रहकर कभी भी देश और समाज का भला नहीं कर सकते। उनके इस बयान ने एक बार फिर उनके वैचारिक रुख को चर्चा में ला दिया। उन्होंने हिंदुत्व, सामाजिक परिस्थितियों और देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी अपनी स्पष्ट राय रखी।

मनीष मिश्रा के साथ अपने संबंधों का जिक्र करते हुए ठाकुर राजा सिंह ने कहा कि तेलंगाना से ही हम दोनों एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। मनीष मिश्रा को वह लंबे समय से जानते हैं और उनके सामाजिक कार्यों तथा जनसेवा के प्रति समर्पण से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि मनीष मिश्रा आज जिस स्थिति में हैं, उसमें उनके भीतर बस्ती के लिए कुछ बड़ा करने की क्षमता और संकल्प दिखाई देता है।

बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति को लेकर बड़ा बयान देते हुए ठाकुर राजा सिंह ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मनीष मिश्रा को बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र से टिकट देते हैं तो उनका दावा है कि इससे बस्ती की राजनीति को एक नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी मनीष मिश्रा को अवसर देती है तो वह अपना पूरा समय मनीष मिश्रा के साथ देंगे और उनके समर्थन में खड़े रहेंगे।

उनके इस बयान को बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र की आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह रही कि ठाकुर राजा सिंह ने केवल समर्थन की बात नहीं की, बल्कि मनीष मिश्रा के साथ समय देने और उनके राजनीतिक अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की भी बात कही।

बस्ती के विकास को लेकर मनीष मिश्रा के विजन की सराहना करते हुए ठाकुर राजा सिंह ने कहा कि मनीष मिश्रा का सपना बस्ती को ‘बेस से स्पेस’ तक पहुंचाने का है। यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि मनीष मिश्रा को राजनीतिक नेतृत्व का अवसर मिलता है तो बस्ती के विकास को नई गति मिल सकती है और उनका सपना जल्द साकार हो सकता है।

उन्होंने कहा कि बस्ती में विकास की असीम संभावनाएं हैं। जरूरत ऐसे नेतृत्व की है, जो क्षेत्र की समस्याओं को समझे, जनता के बीच रहे और विकास के लिए ठोस प्रयास करे। मनीष मिश्रा में उन्हें ऐसी ही नेतृत्व क्षमता दिखाई देती है।

ठाकुर राजा सिंह के बस्ती आगमन के बाद मनीष मिश्रा के आवास पर जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा से मुलाकात के बाद बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। विशेष रूप से भाजपा से मनीष मिश्रा की संभावित दावेदारी और ठाकुर राजा सिंह की ओर से खुलकर समर्थन देने की घोषणा ने इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया है।

एक ओर जहां ठाकुर राजा सिंह ने मनीष मिश्रा के साथ अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख किया, वहीं दूसरी ओर बस्ती के विकास और राजनीतिक बदलाव को लेकर उनके बयान ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा को जन्म दिया है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में मनीष मिश्रा की राजनीतिक सक्रियता किस दिशा में आगे बढ़ती है और भाजपा नेतृत्व बस्ती सदर को लेकर क्या निर्णय लेता है।

Check Also

उपमुख्यमंत्री का भाजपा नेता प्रदीप सिसोदिया ने किया स्वागत

पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंटकर किया अभिनंदन, जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के …