Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

हमे जीवन में योग, यज्ञ, आयुर्वेद व सोलह संस्कारों को अपनाने की परंपरा बनानी होगी तभी हम और हमारी संस्कृति बच सकेगी-आचार्य सुरेश जोशी

बस्ती। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा बस्ती के तत्वावधान में जिले में गत 22अगस्त से चल रहे वेद प्रचार कार्यक्रम का आज समापन हुआ। इस कार्यक्रम में आचार्य सुरेश जोशी वैदिक प्रवक्ता बाराबंकी व पंडिता रुकमणी आर्य भजनोपदेशिका ने आर्य समाज नई बाजार, आर्य समाज गांधीनगर व आर्य समाज महाराजगंज में प्रचार कर लोगों को वेद पथ पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में तन मन से लगे हुए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व विशिष्ट अतिथियों का साहित्य भेंट कर स्वागत सम्मान किया गया। इस अवसर पर आनन्द स्वरूप सिंह कौशल द्वारा *ब्रह्म जीव संवाद व मृतक भोज व पितर श्राद्ध* पुस्तक भेंट कर लोगों को स्वाध्याय की प्रेरणा दी गई।

इस अवसर पर जिला आर्य उप प्रतिनिधि सभा मंडल बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही कोई संस्था अपने उद्देश्यों की पूर्ति करने में समर्थ हो पाती है। कोरोना काल में हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने जान की परवाह न करते हुए लगातार 101दिन में पूरे बस्ती कस्बे व गावों में यज्ञ अभियान चलाया जिससे जिले में लोगों के भीतर बैठा कोरोना का भय समाप्त हुआ और आज परिणाम सामने है। उन्होंने बताया कि महर्षि दयानन्द ने अपने ५९ साल के अल्पकालीन जीवन में धर्म की उन्नती के लिए बहुत बड़ा कार्य कर दिखाया। उनमें कार्य करने की अद्भुत क्षमता थी। असीम शक्ति थी। वे निडर और साहसी थे। कर्मठ थे। कार्य करते हुए थकते नहीं थे। अपने लक्ष्य की ओर बिना रुके बढ़े जाते थे। अपने पथ से विचलित हुए बिना लगातार अपने लक्ष्य पथ पर बढ़ते रहने की शक्ति का स्रोत उनके हृदय में निरन्तर बहता रहता था। कार्यक्रम का समापन सामूहिक यज्ञ के पश्चात भजन व उपदेश से हुआ। पण्डिता रुक्मिणी आर्य ने अपने मधुर भजनों से श्रोताओं को वेद पथ दिखाते हुए उनके मन को भी आह्लादित किया तो आचार्य सुरेश जोशी ने ने वेद के गूढ़ मंत्रों को सरलतम करके लोगों को उसका अनुसरण करने की सलाह दी। साथ ही लोगों को ऋषियों का संदेश देते हुए बताया कि हमे अपने जीवन में योग, यज्ञ, आयुर्वेद व सोलह संस्कारों को अपनाने की परंपरा बनानी होगी तभी हम और हमारी संस्कृति बच सकेगी।

इस अवसर पर मुरलीधर भारती प्रधान आर्य समाज गाँधी नगर बस्ती ने लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर योगेन्द्र शास्त्री, वेद कुमार आर्य, अदित्यनारायन गिरि सहित अनेक कार्यकर्ताओं व अधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सत्येंद्र वर्मा भेज किशोर आर्य विनोद कुमार उपाध्याय, देवव्रत आर्य, राम संत मिलन सुभाष चंद्र आर्य मनीष कुमार आर्य, वेदांशी मेंहदीरत्ता, राधेश्याम सिंह हरिपत पांडे चंद्र प्रकाश चौधरी संतोष कुमार पांडे आशुतोष मोदनवाल सहित अनेक लोग सम्मिलित रहे।