Sunday, July 7, 2024
बस्ती मण्डल

भारत सरकार से उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित हुए इंस्पेक्टर रणधीर मिश्र

सिद्धार्थनगर। जिले के त्रिलोकपुर थाने पर तैनात बेहतर पुलिसिंग की मिसाल कायम करने वाले प्रभारी निरीक्षक रणधीर कुमार मिश्र को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह पदक भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा दिया जाएगा। इसके लिए सिद्धार्थनगर से इनका चयन किया गया है।

पुलिस की सेवा में ऐसे विरले ही होते हैं, जिन्हें जनता से लेकर शासन – प्रशासन तक का प्यार और सम्मान मिले। बस्ती मण्डल में अच्छी पुलिसिंग के लिए इंस्पेक्टर रणधीर कुमार मिश्र का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। हालांकि यह सम्मान उत्तर प्रदेश के कई पुलिस अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिया जा रहा है। इनमें एक नाम बस्ती में तैनात अशोक कुमार सिंह का भी है। यह सम्मान भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा सेवा अभिलेखों के आधार पर दिया जा रहा है।

बता दें कि इंस्पेक्टर रणधीर बस्ती, गोण्डा, अयोध्या और संतकबीरनगर जिलों में तैनाती के दौरान जनता के अन्दर विश्वास पैदा करने के एक से बढ़कर एक उदाहरण प्रस्तुत किये हैं और अधिकारियों ने इनके कार्यों की बदौलत ही हमेशा इनका मनोबल बढ़ाते हुए और भी अच्छा करने के लिए इन्हें प्रोत्साहित किया है। इन्हें पूर्व में पुलिस महानिदेशक उ. प्र. सहित कई सम्मान और पुरस्कार मिल चुके हैं।