Thursday, July 4, 2024
बस्ती मण्डल

योग शिक्षक अजीत पाण्डेय के नेतृत्व में तिवारी टोला बस्ती में कोरोना मुक्ति यज्ञ का आयोजन सम्पन्न

बस्ती। श्रावण माह सुनने का महीना होता है। इस समय विद्वान, साधु-संत गृहस्थियों के घर जाकर वेद-गीता, रामायण आदि शास्त्रों की चर्चा कर उनका ज्ञानवर्धन करते व आपसी सद्व्यवहार की शिक्षा देते थे। इससे गृहस्थी लोगों को अपनी वैदिक संस्कृति, धर्म दर्शन आदि का ज्ञान होता रहता था और वे सच्चरित्र व दयालु तथा देश-धर्म की रक्षा के लिए तत्पर रहते थे। यह जानकारी देते हुए ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि उसी प्राचीन परम्परा का पालन करते हुए यह घर घर यज्ञ, हर घर यज्ञ का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज का यज्ञ योग शिक्षक अजीत पाण्डेय के नेतृत्व में तिवारी टोला बस्ती में कोरोना मुक्ति यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ कराते हुए राधेश्याम आर्य ने बताया कि यज्ञ में प्रयोग की जाने वाली समिधा व सामग्री जब उचित तरीके से जलाई जाती है तो उसमें से प्राणदायिनी वायु उत्सर्जित होती है जो वातावरण को शुध्द करके हमारे रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है। इसलिए दैनिक यज्ञ कर हम स्वयं व परिवार और समाज को रोगमुक्त रख सकते हैं। इस अवसर पर योग शिक्षक गरुण ध्वज पाण्डेय ने लोगों को यज्ञ के साथ योग और आयुर्वेद को अपनाने का भी सुझाव दिया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सर्वेश मिश्र, अनीता पाण्डेय, सोनी पाण्डेय, पिहू चतुर्वेदी आदि सम्मिलित रहे।