Monday, July 1, 2024
बस्ती मण्डल

खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जा, हटवाने की मांग

बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के देवमी गांव में खलिहान पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव निवासी रहमत अली पुत्र दोस्त मोहम्मद ने समाधान दिवस में 16 मई 2017 तथा 02 मार्च 2021 को प्रार्थना पत्र देकर खलिहान से अवैध कब्जा हटवाने की मांग किया था। इसके बाद कई अन्य पटलों पर शिकायत की गयी। लेकिन नतीजा कुछ नही निकला।

खलिहान पर अवैध कब्जा आज भी कायम है। बीच में एसडीएम आशाराम वर्मा ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाया था, किन्तु पक्की पैमाइश न होने के कारण फिर लोगों ने कब्जा जमा लिया। हलका लेखपाल हरिशंकर ने रिपोर्ट लगाते हुये पुलिस बल की मदद लेकर पैमाइश कराने का वादा किया था। उनके द्वारा दिये गये लिखित रिपोर्ट में ग्राम प्रधान के भी हस्ताक्षर हैं। समस्या का निस्तारण करवाने की बजाय पुलिस को तहरीर देकर शिकायतकर्ता एवं उनके भाई सहित चार अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया। जबकि वे पुलिस बल न होने की बात कहकर वर्षों से पैमाइश को टालते आ रहे हैं। बताते चले गाटा संख्या 275 राजस्व अभिलेखों में खलिहान दर्ज है जिसका रकबा 0.190 हेक्टेयर है। शिकायतकर्ता रहमत अली ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुये अविलम्ब निस्तारण की मांग किया है।