Monday, July 1, 2024
बस्ती मण्डल

यज्ञ में स्वाहा शब्द उच्चारण से शरीर का आक्सीजन लेवल बढ़ जाता है-चन्द्र प्रकाश चौधरी

बस्ती। सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयः का संकल्प लेकर सेवा करने वाले संस्थान जिला चिकित्सालय बस्ती के रक्त बैंक में लैब टेक्नीशियन ज्ञान प्रताप श्रीवास्तव के नेतृत्व में आर्य समाज द्वारा कोरोना रोधक व पर्यावरण शोधक यज्ञ कर रोगियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस अवसर पर योग शिक्षक व लैब टेक्नीशियन चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि स्वाहा शब्द के उच्चारण से ही हमारे फेफड़ों को विशेष शक्ति प्राप्त होती है और शरीर में आक्सीजन का स्तर बढ़ता है जिससे मनोभाव सकारात्मक हो जाता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। पुरोहित आदित्यनारायण गिरि व राधेश्याम आर्य ने कहा कि अग्नि, जल, वायु, आकाश और पृथ्वी को हम देवता मानते हैं और इन्हीं देवताओं के साथ चौबीस घण्टे ये देवता हमारा साथ नहीं छोड़ते फिर भी अपने कुसंस्कारों के कारण हम मद्य, मांस, गुटका, बीड़ी, हुक्का जैसे दुर्व्यसनों और झूठ, छल कपट जैसे दुर्गुणों रूपी दानवों का साथ लेकर उनकी कुसंगति में पड़ जाते हैं। यज्ञ हमें गलत सोचने, बोलने व करने से रोकता है। प्रधान अयोजक ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि विश्व योग दिवस से पूर्व घर घर यज्ञ करके वातावरण को पूरी तरह मेडिकेटेड करने का प्रयास जारी है जिससे जब पूरा शहर एक साथ योग करे तो शुद्ध ऑक्सीजन मिल सके। इस अवसर पर लैब टेक्नीशियन अशोक पाण्डेय, भानुप्रकाश यादव, रूपम कुमार सोनी, यशवंत पटेल सहित अनेक लोगों ने यज्ञ में सम्मिलित होकर आहुतियाँ दीं।