Sunday, May 19, 2024
उत्तर प्रदेश

प्रदेश में विकास का कहीं पता नहीं है, सड़कें गढ्ढामुक्त करते करते गढ्ढा युक्त हो गई हैं-सुरेन्द्र नाथ त्रिवेदी

लखनऊ।राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश प्रवक्ता सुरेन्द्र नाथ त्रिवेदी ने प्रदेश की जनता को जागरूक करते हुए कहा कि विगत लगभग 20 दिन से यू.पी. से लेकर दिल्ली तक भाजपा ने मैराथन बैठकों के माध्यम से मंथन करके भी अपनी वही घिसी पिटी रणनीति को ही अमली जामा पहनाने का असफल प्रयास किया है और उ.प्र.तथा पंजाब के चुनाव तक पुनः भारत पाकिस्तान हिन्दू मुसलमान, शमशान कब्रिस्तान के साथ साथ चीन की वुहान लैब और सर्जिकल स्ट्राइक आदि का मुलम्मा प्रदेश की जनता के मस्तिष्क पर फिर से चढा़ने का प्रयास किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास का कहीं पता नहीं है, सड़कें गढ्ढामुक्त करते करते गढ्ढा युक्त हो गई हैं।कहीं कहीं तो पता ही नहीं चलता कि सड़क में गढ्ढे हैं या गढ्ढे में सड़क है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि कोरोना महामारी से लडा़ई का परिणाम माँ गंगा में असंख्य लाशों के रूप में देखने को मिला।केवल यही नहीं दवाओं और इन्फ्रास्ट्रक्चर में प्रदेश सरकार की असफलता का पैमाना आक्सीजन के अभाव में हजारों लोगों की अकाल मृत्यु होना तथा अनगिनत मासूमों के अनाथ होने के रूप में देखा जा सकता है।इन परिस्थितियों में चुनावी रण में जनता का ध्यान भटकाने में पुराने नुस्खों पर ही भरोसा करना होगा।
रालोद प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि इन डबल इंजन की सरकारों की उपलब्धि किसानों, मजदूरों और कामगारों की तबाही और लाखों लोगों की अकाल मृत्यु के रूप में देखी जा सकती है।केन्द्र सरकार अपनी उपलब्धि किसानों को छःहजार सालाना की किसान सम्मान निधि तथा गरीबों को मुफ्त राशन देना प्रचारित कर रही है और प्रदेश सरकार रेहड़ी पटरी वालों को दस हजार रुपये का कर्ज और श्रमिकों को एक एक हजार रुपये की सहायता का डंका बजा रही है।वास्तविकता यह है डीजल पेट्रोल और रसोई गैस की बढी़ हुई कीमतों के साथ साथ आम जनता की जरूरत की चीजें और दालों एवं सरसों के तेल जैसी वस्तुओं की मँहगाई से आम आदमी से लेकर खास लोगों तक से सरकारों ने अरबों रुपये प्रतिमाह कमाई चालू कर रखी है।उन्होंने जोर देकर कहा कि अब जनता ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ किसानों, मजदूरों,कामगारों के साथ साथ युवाओं और बेरोजगारों की सरकार बनाने का निश्चय कर लिया है।उ.प्र.में 2022 में चौ.चरण सिंह के सपनों के भारत की नींव डाली जायेगी ।राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मा.जयन्त चौधरी लगातार करोड़ों किसानों और मजदूरों के साथ संघर्ष कर रहे हैं।उन्होंने अपने पूज्य पिता चौ.अजित सिंह जी के अधूरे कार्यों को पूरा करने तथा सम्पूर्ण जीवन किसानों की सेवा में ही रत रहने का संकल्प कर रखा है।