Sunday, July 7, 2024
बस्ती मण्डल

बंजरिया क्षेत्र पंचायत सदस्य उपचुनाव: प्रमुख की रेस पर हैं निगाहें

भानपुर/बस्ती।(सत्यवीर प्रकाश सिंह) विकास खण्ड सल्टौआ गोपालपुर के बंजरिया क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर हो रहे उप चुनाव में कुल छह प्रत्याशियों ने रविवार को नामांकन किया है। इनमें कुछ प्रत्याशियों का नाम प्रमुख की रेस में भी सामने आ रहा है। सभी की निगाहें इस सीट पर टिकीं हुई हैं। बीते दिनों सम्पन्न हुए चुनाव में इस सीट पर बजरंगी चौधरी की माता इंद्रमती देवी निर्वाचित हुई थीं। परिणाम के कुछ दिन बाद ही उनका निधन हो गया था। तभी से खाली इस सीट पर प्रमुखी का सपना देख रहे तमाम लोगों की निगाहें टिकी हुई थीं। रविवार को हुए नामांकन में कुल छह लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इस बार बजरंगी के छोटे भाई की पत्नी शीला देवी मैदान में हैं। सल्टौआ चतुर्थ से नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चौधरी के पति रजनीश चौधरी ने अपनी माता चमेली देवी के नाम नामांकन कर प्रमुखी की रेस में अपना नाम आगे किया है। बंजरिया ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान राजेन्द्र चौधरी ने अपनी पत्नी दुर्गावती देवी के नाम नामांकन किया है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि एक पूर्व ब्लाक प्रमुख द्वारा इन्हें भी प्रमुखी का चुनाव लड़ाए जाने पर विचार किया जा रहा है। इसी क्षेत्र पंचायत में सम्मिलित ग्राम पंचायत केवटाखोर के पूर्व प्रधान व वर्तमान प्रधान विरामा देवी के पति राम बचन चौधरी ने अपनी पुत्रवधू माया देवी के नाम नामांकन किया है। चर्चा है इनकी सीट निकलने पर पूर्व ब्लाक प्रमुख के साथ कइयों ने चुनाव में उतारने पर विचार किया है। वहीं भाजपा सल्टौआ मंडल अध्यक्ष राम नेवास गिरी की पत्नी ममता देवी के नाम पर भाजपा का एक खेमा चुनाव जीतने पर प्रमुख पद पर बैठाने का दावा कर रहा है।
वैसे देखा जाए तो इस क्षेत्र पंचायत में सदस्य से ज्यादा प्रमुख पद के लिए बड़ी ही दिलचस्प लड़ाई होने वाली है। अभी तक के प्रमुख के रेस में मुख्य रूप से तीन प्रत्याशियों के नाम सामने आ रहा है। इनमें से भिरिया बाजार में चाय की दुकान चलाने वाले राजू गुप्ता की पत्नी सुमन, सपा नेता व पूर्व विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी के करीबी रामतीरथ यादव की पत्नी आशा यादव व भाजपा के पुराने नेता विजय सेन सिंह के पुत्र दुष्यंत सिंह द्वारा समर्थित प्रत्यासी अशोक कुमार की पत्नी गीता देवी प्रमुख रूप से हैं। ऐसा भी कहा जा कि बंजरिया सीट के परिणाम के बाद सल्टौआ ब्लाक प्रमुख की कुर्सी के लिए कुछ अलग माहौल होने वाला है।