Breaking News

देश की एकता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार पटेल की जयंती पर भाजपा निकालेगी पदयात्रा-चन्द्र प्रकाश शुक्ल

बस्ती। देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में पदयात्रा एवं जनसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में भी एक विशाल पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन 12 नवंबर को किया जाएगा।

इस अवसर पर कप्तानगंज विधानसभा के निवर्तमान विधायक सीए चन्द्र प्रकाश शुक्ल ने बताया कि यह आयोजन सरदार पटेल के अद्भुत राष्ट्रनिर्माण कार्यों को स्मरण करने और जनमानस में उनके विचारों को प्रसारित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के बाद जब सैकड़ों रियासतें भारत में विलय को लेकर असमंजस में थीं, तब सरदार पटेल ने अपनी कूटनीति, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रप्रेम से सभी को एक सूत्र में बांधकर भारत की अखंडता को साकार किया।

विधायक शुक्ल ने बताया कि 12 नवंबर को डुबौला चौराहे से पदयात्रा प्रारंभ होकर हरदी चौराहे तक जाएगी, जहाँ हरदी विद्यालय परिसर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस जनसभा में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, एवं भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एकता, समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प का प्रतीक है। सरदार पटेल ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी निरंतर कार्य कर रही है।

शुक्ल ने कहा कि सरदार पटेल की प्रेरणा से आज देश मजबूत नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकारें समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए समर्पित हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पदयात्रा और जनसभा में शामिल होकर लौहपुरुष को श्रद्धांजलि दें और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

विधायक ने यह भी बताया कि इस पदयात्रा में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और किसानों की विशेष भागीदारी होगी। यात्रा के दौरान लोगों को सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

भाजपा नेताओं का कहना है कि इस आयोजन से समाज में एकता और राष्ट्रभावना का संदेश जाएगा तथा देश की युवा पीढ़ी को अपने महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का माहौल है। पूरी विधानसभा में इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर जनचर्चा तेज है।

Check Also

पत्नी पीड़ित पति ने डीआईजी से लगाया न्याय की गुहार

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के लोरिकपुर निवासी शिवम पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय श्याम किशोर पाण्डेय ने …