Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

भाजपा ने लोकतंत्र को बंधक बना लिया है:काजी इमरान लतीफ

बस्ती,। जनता द्वारा चुनी गयी दिल्ली सरकार के अधिकार छीनकर केन्द्र की मोदी सरकार ने यह तय कर दिया कि भाजपा ने लोकतंत्र को बंधक बना लिया है। प्रचंड बहुमत के अहंकार में सरकार संविधान का लगातार अपमान कर रही है। यह बातें आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता काजी इमरान लतीफ ने कहीं।

वे यहां प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। आप नेता ने कहा मोदी सरकार ने देश की जनता को यह बता दिया कि प्रचंड बहुमत की ताकत से देश का संविधान भी रौंदा जा सकता है। फिलहाल पंचायत चुनाव सिंर पर है और आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार रही है। यूपी की राजनीति में बदलाव के रास्ते खुलेंगे और जनता की ताकत पर आगामी चुनावों में स्वच्छ व इमानदार राजनीति का ऐसा मॉडल खड़ा करेगी जहां जाति धर्म की राजनीति, नफरत, भ्रष्टाचार, छल कपट, संविधान के तौहीन की रत्ती भर जगह नही होगी, सिर्फ विकास और जनभावनाओं का सम्मान होगा।

बैठक की अध्यक्ष जिलाध्यक्ष रामयज्ञ निषाद ने की। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद राजपाल, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, अब्दुल अहद, वीरेन्द्र कसौधन आदि ने सम्बोधित किया। परविन्द चौधरी को युवा विंग का जिलाध्यक्ष नामित किया गया, साथ विशाल चौधरी को सचिव बनाया गया। मो. इमरान, जयप्रकाश चौधरी, नीरज चौधरी, रमेश, सर्वजीत, अरविन्द्र, प्रशान्त, अमर, अंकित, दीपू, धर्मेन्द्र चौधरी, मोहित कुमार एवं सेवानिवृत्त तहसीलदार राजाराम, विनय, अवधेश, लालश्री, आलोक चौधरी, सुनील, रवि ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी का टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। चंदन तिवारी, महिला विंग की अध्यक्ष किरन यादव, मीरा कठेरिया, चन्द्रभान कनौजिया, अरूण प्रकाश, केपी भारती, पीसी पाण्डेय, शिवराम, फिरदौस अहमद आदि मौजूद थे।