प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज तीव्र गति से विकास की राह पर अग्रसर है-नीतू सिंह
संत कबीर नगर। “आत्मनिर्भर भारत केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि हर भारतीय के हृदय की भावना है।” यह बात खलीलाबाद के सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने की। इस दौरान विधायक श्री तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत अभियान को देश के स्वाभिमान का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा भारत
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज तीव्र गति से विकास की राह पर अग्रसर है। देश का हर नागरिक अब यह विश्वास रखता है कि “मैं अपने देश की ताकत हूँ।”
भारत के आत्मविश्वास की पहचान है ‘आत्मनिर्भर भारत’
विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ है—वो भारत जो स्वयं पर विश्वास रखता है, अपने बल पर आगे बढ़ता है और दूसरों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोविड के कठिन समय में आत्मनिर्भरता का वास्तविक परिचय दिया। हमने अपने दम पर वैक्सीन बनाई, देश-विदेश के ज़रूरतमंदों तक पहुँचाई और संपूर्ण विश्व को सहयोग दिया। यह आत्मनिर्भर भारत की नीति और 125 करोड़ देशवासियों की एकजुटता का परिणाम था।
पाँच स्तंभों पर टिका है नया भारत
विधायक ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के पाँच मज़बूत स्तंभ — अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढाँचा, प्रणाली, जनशक्ति और मांग — नए भारत की नींव हैं।
उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” अभियान केवल आर्थिक पहल नहीं, बल्कि स्वाभिमान का आंदोलन है। जब हम अपने गाँव, कस्बे और ज़िले में बने उत्पाद खरीदते हैं, तो यह स्थानीय उद्योगों और श्रमिकों को सशक्त बनाता है।
महिलाओं की भागीदारी से ही बनेगा सशक्त भारत
विधायक तिवारी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का असली चेहरा वही है जहाँ हर बेटी और हर बहन आत्मविश्वासी, सम्मानित और आर्थिक रूप से सशक्त हो। जब महिलाएँ आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी देश सशक्त बनेगा।
“नौकरी खोजने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी खोजने की मानसिकता से बाहर आएँ और अपने नवाचार, परिश्रम व साहस से रोजगार सृजन करने वाले बनें।
उन्होंने कहा—“अब समय है कि हम सब मिलकर ठान लें कि हम नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। आत्मनिर्भर भारत कोई सपना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का वादा है।”
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी द्वारा किया गया और अंत में सभी ने “वोकल फॉर लोकल” के संकल्प के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया।