Monday, July 1, 2024
बस्ती मण्डल

अवैध कब्जा हटाते वक्त महिला बेहोश, शासन प्रशासन के हाथ पांव फूले

कप्तानगंज/बस्ती। शुक्रवार को क्षेत्र के चनई पुर में अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम की उस समय मुसीबत बढ़ गई जब अवैध कब्जेदार की पत्नी बेहोश हो गई और उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज आना पड़ा ।

जानकारी के अनुसार तहसील हरैया के तहसीलदार चंद्रभूषण प्रताप अपने राजस्व कर्मियों की टीम के साथ चनई पुर गांव पहुंचे जहां अवैध जमीन पर लगभग कई वर्षों से छप्पर रख कर निवास कर रही अनीता देवी पत्नी फूलचंद चौहान का आशियाना था। राजस्व कर्मियों की व पुलिस प्रशासन की भीड़ देख अनीता देवी के होश उड़ गए इसके बाद जेसीबी द्वारा अपने आशियाने को उजाड़ता देख अनीता को गहरा सदमा लगा और वह वही गिरकर बेहोश हो गई। जिसे देख शासन प्रशासन के हाथ पांव फूल गए तुरंत ही इसे लेकर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज आना पड़ा। दोपहर बाद लगभग 4:00 बजे से 7:00 बजे देर शाम तक अनीता देवी के होश में आने के लिए डॉक्टर कोशिश करते रहे और बाहर शासन प्रशासन के लोग उसे होश में आने के लिए मन्नते करते रहे। बतादें कि अनीता देवी का पति फूलचंद रोजी रोटी कमाने के चक्कर में मुंबई रहता है बाकी चार लड़कियों और एक लड़के के साथ मां अनीता देवी इसी छप्पर के बने आशियाने में अपना गुजर-बसर करती थी । मां को बेहोश देखकर बेटा शिवम तथा बेटी मीनू का बुरा हाल था। काफी मशक्कत के बाद युवती को होश आ गया जिसे सुन कर मौजूद सभी लोगों ने चैन की सांस ली। प्राथमिक इलाज के बाद ढाढस बधाते हुए राजस्व कर्मियों ने उसे घर भिजवाया।