शिक्षा जगत के महामना को नमन, भिटहा में उमड़ा जनसैलाब
पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की आठवीं पुण्यतिथि पर दलीय सीमाएं टूटीं, शिक्षाविदों, राजनेताओं और समाजसेवियों ने दी श्रद्धांजलि; चतुर्वेदी परिवार ने जरूरतमंदों में बांटे अंगवस्त्र और नकदी
आशु सिंह/ बस्ती न्यूज़ टाइम्स
संतकबीरनगर। पूर्वांचल के शैक्षणिक क्षेत्र में आधुनिक, रोजगारपरक और तकनीकी शिक्षा की अलख जगाने वाले स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की आठवीं पुण्यतिथि पर शनिवार को उनके पैतृक गांव भिटहा स्थित चतुर्वेदी विला में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोगों ने पहुंचकर शिक्षा जगत के इस पुरोधा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता एक मंच पर नजर आए। शिक्षाविदों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की बड़ी मौजूदगी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दे दिया।
चतुर्वेदी विला परिसर में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुंदरकांड के बाद श्रद्धांजलि कार्यक्रम शुरू हुआ। स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते समय चतुर्वेदी परिवार भावुक हो उठा। बड़े भाई गोमती प्रसाद चतुर्वेदी ने जब अपने अनुज के चित्र के सामने श्रद्धासुमन अर्पित किए तो माहौल गमगीन हो गया। परिवार के सदस्यों की आंखों में छलकते आंसुओं ने दिवंगत के साथ जुड़ी स्मृतियों को जीवंत कर दिया।
राजनीतिक दायरे से ऊपर दिखा सम्मान
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा और सपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बद्री यादव, राम ललित चौधरी, नीलमणि, सत्य प्रकाश गुप्ता सिपाही, कौशल चौधरी और खलीलाबाद चेयरमैन जगत जायसवाल, मगहर चेयरमैन प्रतिनिधि नूरज़्जमा अंसारी के साथ सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, रामवृक्ष यादव, प्रदेश सचिव नित्यानंद यादव, पूर्व प्रत्याशी आलोक यादव सोनू, युवजन सभा जिलाध्यक्ष राहुल यादव बादल, जिला महासचिव विनोद यादव समेत अनेक नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। शिक्षाविदों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी स्व. चतुर्वेदी के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को याद किया।
हजारों जरूरतमंदों को बांटे अंगवस्त्र और नकदी
पुण्यतिथि पर चतुर्वेदी परिवार ने श्रद्धांजलि को सेवा से जोड़ा। सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी ने परिवार के युवाओं के साथ क्षेत्र से पहुंचे हजारों जरूरतमंद महिलाओं और पुरुषों को अंगवस्त्र एवं नकद धनराशि वितरित की। इससे पहले जय चौबे की देखरेख में डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, राकेश चतुर्वेदी, सविता चतुर्वेदी और शिखा चतुर्वेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दिवंगत आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान किया।
विद्यार्थियों ने भी किया महामना को नमन
सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलीलाबाद, एसआर इंटरनेशनल एकेडमी नाथनगर समेत बस्ती मंडल के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं भी पहुंचे। गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रो. ओपी पांडेय, आरपी मॉडर्न इंटर कॉलेज महुली के प्रधानाचार्य रामचंद्र यादव, सूर्या एकेडमी के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव और एपीएन पीजी कॉलेज डुमरी के प्राचार्य राकेश श्रीवास्तव समेत शिक्षाविदों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
भजनों से गूंजा पंडाल, देर शाम तक चला आयोजन
शाम को लोक गायिका अंजनी पांडेय की टीम और भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी प्रमोद पूर्वांचल की प्रस्तुतियों ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया। भजनों और लोक प्रस्तुतियों से पूरा पंडाल गूंज उठा। जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव के निर्देशन तथा पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय और एसआर के सहायक प्रबंधक मनोज कुमार पांडेय की देखरेख में भोज कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा।
कार्यक्रम में इंजीनियर अरविंद सिंह, अंतरराष्ट्रीय पहलवान पन्नेलाल यादव, मयाराम पाठक, दानिश खान, लक्ष्मी होटल एवं लोटस ग्रैंड होटल के मैनेजर नंदन पाण्डेय, सचिन सिंह, अजय पांडे, राजन पांडे,असद महताब, महताब आलम बब्बू, राजीव गुप्ता, रत्नेश मिश्र, अजय मिश्र, अवधेश सिंह, सर्वेश सिंह, अभयानंद सिंह, अमरनाथ उपाध्याय, निहाल चंद पांडेय, अंकित पाल, दिग्विजय यादव, राजपाल यादव, पवन यादव, शंकर यादव, आनंद ओझा समेत हजारों लोग मौजूद रहे।
BNT LIVE www.bntlive.com