बनकटी/बस्ती। संविधान शिल्पी भारत पुत्र डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती एवं सामाजिक समरसता दिवस के पावन अवसर पर नगर पंचायत बनकटी क्षेत्र में विभिन्न वार्डों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों की शुरुआत वार्ड नंबर 5 वशिष्ठ नगर बसौढ़ी स्थित अंबेडकर पार्क से हुई, जहां प्रतिमा अनावरण एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद वार्ड नंबर 2 चंद्र नगर मथौली में अंबेडकर पार्क में माल्यार्पण कर जनसमूह को संबोधित किया गया। इसी क्रम में वार्ड नंबर 11 राजेंद्र प्रसाद नगर बैजीपुर में अंबेडकर पार्क पर माल्यार्पण एवं जनसंवाद कार्यक्रम हुआ, जहां लोगों को बाबा साहेब के विचारों से अवगत कराया गया।
वार्ड नंबर 9 गांधी नगर बनकटी गांव में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक समरसता और समानता पर विशेष चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 4 आजाद नगर डड़िया तथा वार्ड नंबर 13 लोहिया नगर देईसाड़ में भी अंबेडकर पार्कों में माल्यार्पण एवं संबोधन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही और कार्यक्रमों में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस दौरान वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को एकता, समानता और न्याय की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि इंजीनियर अरविन्द पाल ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और सफलता का अद्भुत उदाहरण है। उनके द्वारा दिया गया संविधान देश की आत्मा है, जो हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बाबा साहेब के विचारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि समाज में समानता और भाईचारा बना रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने का जो कार्य किया, वह सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि उनके बताए मार्ग पर चलकर एक समरस समाज का निर्माण करें और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करें।
कार्यक्रमों में नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी, मनोनीत सभासद विवेकानंद शुक्ल, साधुशरण कनौजिया, ऋषि राज, विनोद यादव, बृजेश मोहन यादव, वशीम भाई, अनिल मौर्य, मेवालाल, राजेन्द्र यादव, पवन पाल, अतुल पाल, भोलू पाल, राममोहन पाल, हिमांशु पाल, नितेश पाल, महेंद्र चौधरी, राम अदालत गौतम, प्रेम कुमार (बंजरंगी), विरेन्द्र गौतम, अमरेश राना, राजेश गौतम, राम सुभग गौतम, राकेश कुमार, कमलेश कुमार, चंद्रशेखर गौतम, सुदयाल गौतम, कपील गौतम, राम अवतार गौतम, मकदुम गौतम, शिवकुमार, संत मिलन गौतम, पिंटू कनौजिया, अमन राना, हनुमान यादव, आदित्य पाल, संजय कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके साथ ही कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, वरिष्ठ नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समरसता एवं भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में अंबेडकर जयंती को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जगह-जगह सजावट, फूल-मालाओं और नारों के साथ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे क्षेत्र में सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।
BNT LIVE www.bntlive.com