Tuesday, July 2, 2024
बस्ती मण्डल

संदिग्ध परिस्थितियों में दो की मौत

भानपुर/बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के अलग अलग दो गांवो में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह छः बजे थाना क्षेत्र के भानपुर निवासी सूरज सोनकर पुत्र खुद्दी सोनकर उम्र 35 वर्ष का शव खेत में सागौन के पेड़ पर मफलर के सहारे लटकता हुआ मिला। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने शव लटकता हुआ देख परिजनों व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी मौके पर पहुँचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पिता के मुताबिक सूरज सोमवार सब्जी मंडी से लौटने के बाद करीब आठ बजे बिना भोजन किए घर से निकल गया था। रातभर खोजबीन की गई मगर कुछ पता न चल सका। सुबह ग्रामीणों से उसके लटकने की जानकारी मिली। मृतक की पत्नी करीब सालभर पहले ही गांव के एक दूसरे के साथ चली गई थी। तबसे वह तनावग्रस्त रहता था। वहीं मौत के बाद उसके बड़े लड़के करन 8 वर्ष व आकाश 6 वर्ष का रो रोकर बुरा हाल है।
वहीं थाना क्षेत्र के परसा शिवराज गांव निवासिनी चन्द्रावती पत्नी राजाराम उम्र 60 वर्ष की मंगलवार सुबह 8 बजे मौत हो गई। पति के मुताबिक उनके भतीजे रामपाल की पत्नी अवतारी व चन्द्रावती के बीच सुबह बर्तन धोने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद की दौरान ही उनकी पत्नी चन्द्रावती मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस व विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटना के बारे में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक अटल बिहारी ठाकुर ने बताया दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि भानपुर निवासी सूरज के परिजनों के मुताबिक वह अवसाद में रहता था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। वहीं परसा शिवराज की चन्द्रावती की मौत के बारे में रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।