Monday, May 20, 2024
बस्ती मण्डल

बिना अनुमति मोमेन्टम ने कैसे बनवा दिया यातायात पुलिस के लिए केबिन

सूचना अधिकार से जानकारी में सामने आया सच

बस्ती। बस्ती जनपद के प्रमुख चौराहों पर मोमेन्टम द्वारा अपनी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के साथ ही साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस के लिए केबिन बनवाकर उस पर अपना व्यापक प्रचार किया जा रहा है, आश्चर्य है कि इसके लिए जिला प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गयी है।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता कृष्ण कुमार उपाध्याय ने पुलिस अधीक्षक बस्ती से सूचना अधिकार अधिनियम के अर्न्तगत निर्धारित शुल्क का भुगतान करके इस सम्बन्ध में सूचना मांगी थी, पुलिस अधीक्षक द्वारा अपने पत्र संख्याः ज०सू०आ०-92/2024 दिनाक 22-02-2023 के माध्यम से दी गयी सूचना में जानकारी दी गयी है कि पुलिस अधीक्षक बस्ती द्वारा इस सम्बन्ध में प्रभारी यातायात से रिर्पोट मांगी गयी, जिसमें यातायात प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि मोमेन्टम द्वारा अपने प्रचार प्रसार हेतु यातायात पुलिस के लिए बनवाई गयी केबिनों एवं उस पर लगाये गये प्रचार हेतु जनपदीय, प्रदेश मुख्यालय से कोई अनुमति प्रदान नहीं की गयी है, और न ही कोई सरकारी धन व्यय किया गया है।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका सीमा क्षेत्र में होर्डिंग्स , यूनिपोल या अन्य माध्यमों से प्रचार प्रसार से जुड़ी फर्मों को नगर पालिका परिषद् बस्ती में प्रत्येक के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने के उपरान्त स्थान का निर्धारण होता है, मोमेन्टम द्वारा बिना किसी अनुमति के शहर में यातायात पुलिस के लिए बनवाई गयी केबिनों के साथ ही उनपर किये जा रहे प्रचार पूरी तरह अवैध है।
श्री उपाध्याय ने बताया कि इस मामले को प्रदेश मुख्यालय तक उठाया जायेगा, जिससे अब तक किये गये प्रचार-प्रसार की अवधि का आगणन करते हुए नियमानुसार धनराशि का आंकलन करके उसकी रिकवरी के साथ ही साथ विधिक कार्यवाही करते हुए अवैधानिक रूप से बिना किसी अनुमति के बनायी गयी केबिनों को हटाया जाए।