Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

एक दिन में 22.23 लाख रुपये की कमाई कर बस्ती डिपो ने बनाया रिकार्ड

बस्ती।एक दिन में रिकार्ड राजस्व अर्जित कर बस्ती रोडवेज डिपो ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि पर एआरएम ने कर्मियों की पीठ थपथपाते हुए हौसला बढ़ाया है। राजस्व अर्जित के नए मामले से डिपो के पिछले सभी रिकार्ड पीछे छूट गए हैं।

दीपावली और छठ पर्व को लेकर बस्ती डिपो ने पहले से ही तैयारी कर रखी है। सभी बसों को आनरोड किए साथ ही लोकल रूट की बसों के फेरे भी बढ़ा दिए है। नतीजतन नया रिकार्ड बन गया। गुरुवार को जारी किए गए आंकड़े में बताया गया कि दीपावली व छठ पर्व पर बस्ती डिपो ने एक दिन में 22 लाख 23 हजार 475 रुपये राजस्व प्राप्त किए। यह पिछले समस्त रिकार्ड से कहीं आगे है। एआरएम आरपी सिंह ने बताया कि यह कर्मियों के कठिन परिश्रम की देन है। पिछले साल दीपावली व छठ पर्व में एक दिन में सर्वश्रेष्ठ आय 19.50 लाख रुपये अर्जित की गई थी। इस उपलब्धि पर रोडवेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कन्हैया सिंह, मंत्री इंद्रजीत त्रिपाठी, अभिनव श्रीवास्तव आदि ने खुशी जताई है। डिपो के बेड़े में 117 बसें संचालित बस्ती रोडवेज डिपो के बेडे़ में 117 बसें संचालित हो रही हैं। इसमें 21 बसें अनुबंधित हैं जबकि शेष निगम की बसें हैं। वर्तमान समय में निगम की 73 बसें सड़क पर हैं,जबकि 23 बसें सरेंडर हैं।

छठ पर्व पर कर्मचारियों के अवकाश पर भी रोक है। एआरएम ने बताया कि प्रोत्साहन योजना के तहत चालक-परिचालक को योजना का लाभ लक्ष्य अर्जित करने पर दिया जाएगा। विभाग का कहना है कि आय में हुई उल्लेखनीय वृद्धि सटीक तैयारी और टीम वर्क का प्रतिफल है। पिछले साल कोरोना नहीं था,बावजूद इसके 19.50 लाख रुपये ही आय प्राप्त हुआ था। नए रिकार्ड से कर्मियों का मनोबल बढ़ा है।