Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

आर्य समाज ने यज्ञ व समरसता जलपान कार्यक्रम आयोजित कर मनाया रविदास जयंती

बस्ती 5फरवरी।आर्य समाज नई बाजार बस्ती द्वारा सन्त रविदास की जयंती के अवसर पर सामुहिक यज्ञ का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें लोगों को सन्त रविदास के विचारों अवगत कराते हुए उनका अनुसरण करने की सलाह दी गई। इस अवसर पर सामुहिक जलपान का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि आर्य समाज बिना भेदभाव के सभी वर्गों के लोगों को जोड़कर भारतवर्ष के नवनिर्माण करना चाहता है। यूँ तो माघ की पूर्णिमा यज्ञ-तप व स्नान-दान के लिए एक बड़े पर्व के रूप में माना जाता है पर इस दिन संत शिरोमणि भक्त रैदास ने जन्म लेकर भारत की पावन धरा को विभूषित किया। संत रविदास का मानना था कि ईश्वर सभी को देवता का स्वरूप देकर भेजते हैं और व्यक्ति को यह स्वरूप बनाये रखते हुए ईश्वर की आराधना स्वच्छ मन से करनी चाहिए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि फार्मासिस्ट उमेश चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि इस दिन गंगा स्नान का बड़ा महत्व बताया गया है। नदियों के संगम पर भी इस दिन मेला लगता है और स्थानीय लोगों के साथ दूर दूर के लोग इस पर्व को मनाने के लिए आते हैं। उन्होंने लोगों को बताया कि अपने कर्म से व्यक्ति ऊपर उठता है। यज्ञ कराते हुए योग शिक्षक गरुण ध्वज पाण्डेय ने पूर्णिमा की विशेष आहुतियाँ दिलाते हुए लोगों को यज्ञ करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर अनीता बरनवाल मुख्य यजमान रहीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिव श्याम, नितेश कुमार, गणेश, नवल किशोर, राजरतन सेन सिंह, रामकुमार वर्मा, वैष्णवी, कार्तिकेय, राधा देवी, परी कुमारी, दिलीप कुमार सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया।