Wednesday, June 26, 2024
बस्ती मण्डल

बिहरा में बन रहा खेल मैदान बस्ती जिले का मिनी स्टेडियम साबित होता दिख रहा

कप्तानगंज/बस्ती। कप्तानगंज के बिहरा में बन रहा खेल मैदान बस्ती जिले का मिनी स्टेडियम साबित होता दिख रहा है। जिसका लाभ क्षेत्र के हजारों युवाओं को मिलेगा। जिससे निकल कर युवा सेना,पुलिस सहित अन्य विभागों में कामयाबी हासिल करेंगे। जिसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। उच्चाधिकारियों की देखरेख में इस खेल मैदान में क्रिकेट सहित पांच अन्य खेलों के कारपोरेट बनाने की तैयारी चल रही है।शासन की ओर से ग्रामीणांचल में खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य जनपद के प्रत्येक विकासखंड में 02 ग्राम पंचायतों का चयन खेल मैदान के रूप में हुआ था। उच्चाधिकारियों की देखरेख में चयनित ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान का निर्माण शुरू हुआ। जिसमें कप्तानगंज विकासखंड के 02 ग्राम पंचायत में बिहरा का नाम भी शामिल था। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र चौधरी व सचिव शेषराम दिवाकर के पहल पर राजस्व विभाग की ओर से औद्योगिक विकास इंटर कॉलेज बिहरा बाजार के बगल 14 बीघे से अधिक सरकारी जमीन का चिन्हांकन खेल मैदान के लिए हुआ और प्रशिक्षु मजिस्ट्रेट/प्रभारी खंड विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की देखरेख में खेल मैदान बनने की तैयारी शुरू हुई। जिसे जिम्मेदार कप्तानगंज विकास खण्ड का ड्रीम प्रोजेक्ट मानकर चल रहे हैं। जिसमे तकरीबन 22 लाख रुपए लागत भी लगेगी। मौजूदा समय में 11 लाख रुपए स्वीकृत से खेल मैदान पर युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। जो खेल मैदान बस्ती का मिनी स्टेडियम साबित हो सकता है। जिसकी गुणवत्ता को लेकर प्रशिछु मजिस्ट्रेट खुद गंभीर दिख रहे हैं और तैयार हो रहे खेल मैदान के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ स्थलीय निरीक्षण भी कर चुके हैं। कप्तानगंज के बिहरा में बन रहे खेल मैदान की खाली पडी जमीन से बिना संसाधन के कई दर्जन युवा सेना व पुलिस में भर्ती हो चुके हैं और सुबह शाम उक्त जमीन युवाओं से गुलजार रहती थी। शासन की पहल पर सरकारी जमीन को खेल मैदान के रूप में चिन्हित कर खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संसाधनों से सुसज्जित करने की तैयारी चल रही है। जिसका लाभ युवा भरपूर उठाएंगे।
कप्तानगंज के बिहरा के निर्माणाधीन खेल मैदान (मिनी स्टेडियम) में क्रिकेट के पिच के अलावा बैडमिंटन, वॉलीबॉल,झूला,दौड़,ओपेन जिम सहित खेल के 5 कारपोरेट पिच बनाने की तैयारी चल रही है। जिसके कार्य का खाका तैयार कर उसे जिम्मेदार अंतिम रूप देने में जुटे हैं।क्या कहते हैं जिम्मेदार कप्तानगंज के बिहरा में बन रहे खेल मैदान (मिनी स्टेडियम) के बारे में प्रशिक्षु मजिस्ट्रेट/प्रभारी खंड विकास अधिकारी कप्तानगंज विनय कुमार सिंह की माने तो प्रधान और सचिव के बेहतर प्रयास से बन रहा खेल मैदान युवाओं के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर लाभ होगा।