Friday, July 5, 2024
गोरखपुर मण्डल

भू-माफियाओं की कसे नकेल, चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश

देवरिया।अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी एवं एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में भूमाफियाओं के विरुद्ध सख्ती बरतने के निर्देश दिए। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जनपद स्तर पर भूमाफियाओं को चिंहित कर उनके विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट में मामला दर्ज कराया जाए।

अपर मुख्य सचिव ने महिला अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो स्क्वायड की गश्त बढाई जाए। महिलाओं से संबंधित अपराध करने वालों में कानून का भय होना चाहिए। उन्होंने न्यायालय में लंबित प्रकरणों की प्रभावी पैरवी करने पर बल दिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में माह अप्रैल में दफा 25 के कुल छह प्रकरण आये हैं जिनका निस्तारण करा दिया गया है। भूमाफियाओं को चिन्हित करने के लिए तहसील स्तरीय समिति को निर्देशित कर दिया गया है। शीघ्र ही ऐसी प्रवृत्ति के लोगों पर शासन की मंशानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी/पुलिस अधीक्षक डॉ श्रीपति मिश्र ने जनपद की कानून व्यवस्था से जुड़ी जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न अधिकारीगण उपस्थित थे।