Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

हमें अपने लक्ष्य से कभी भटकना नहीं चाहिए : आचार्य शांतनु महाराज

        रामबाग में प्रतिभा सम्मान समारोह

बस्ती।आज सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग – बस्ती के प्रांगण में विद्यालय के पूर्व छात्र, प्रख्यात कथावाचक एवं पूज्य सन्त आचार्य शान्तनु जी महाराज का आगमन हुआ। उनके करकमलों द्वारा गवर्नमेंट मेडिकल कालेज/ विश्वविद्यालय में चयनित 13 पूर्व छात्र पुष्पेश पाण्डेय, गौरव पाण्डेय, कुश यादव, बृजेश कुमार, हर्ष साहू, अवधेश कुमार, श्रवण कुमार , करन उपाध्याय , अमरेन्द्र मौर्य , उत्कर्ष उपाध्याय , अभय प्रताप , प्रवीन चौधरी तथा आदर्श नायक सम्मानित किये गए। इसी प्रकार वैदिक गणित पत्र वाचन में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त भैया सार्थक तिवारी को भी सम्मानित किया गया। संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच के क्षेत्रीय स्तर में प्रथम स्थान तरुण वर्ग के भैया प्रज्ञान मिश्र, आनंद त्रिपाठी, आयुष सिंह भी सम्मानित किए गए। संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच के ही क्षेत्रीय स्तर प्रथम स्थान बाल वर्ग में भैया शशांक मिश्र, पुष्कर सिंह, रोहित गुप्ता, भी सम्मानित हुए। विज्ञान पत्र वाचन में भी प्रियांशु शुक्ला को सम्मानित किया गया, जिन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर किशोर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। साथ ही द्वादश कक्षा के बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 14 मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अरविन्द सिंह जी ने वन्दना सभागार में मुख्य अतिथि आचार्य शान्तनु जी महाराज का परिचय कराया। विद्यालय के अध्यक्ष मा0 गोपाल गाडिया ने शंख, प्रबन्धक डॉ0 सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने अंगवस्त्र व उपाध्यक्ष मा0 अभय कुमार पाल जी ने स्मृति चिह्न प्रदान कर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य जी ने मुख्य अतिथि के व्यक्तित्व एवं समाज में ऐसे अलौकिक महापुरुषों के योगदान के सम्बन्ध में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि देश की आध्यात्मिक चेतना को जगाने में आचार्य शान्तनु महाराज जैसे लोगों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश ने हमेशा उन्हें उनके अतुलनीय योगदान के लिए याद किया है। इस अवसर परविद्यालय की संगीत टोली द्वारा गीत और भजन भी प्रस्तुत किए गए ।
विद्यालय के माननीय प्रबंधक जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह में जो भैया मेडिकल कॉलेज में चयनित हुए हैं उन सभी को विद्यालय परिवार की ओर से उनके उज्जवल भविष्य की ढेरों शुभकामनाएं प्रेषित करता हूॅं। अन्य छात्रों को भी उनसें प्रेरणा लेना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व आचार्य एवं वर्तमान में सरस्वती शिशु मंदिर, पक्की बाग, गोरखपुर के प्रधानाचार्य डॉ राजेश सिंह को भी सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के पूर्व कार्यालय प्रमुख श्री राजेश उपाध्याय का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम की प्रास्ताविकी माननीय प्रधानाचार्य जी ने रखी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा छात्रों का सम्मान किया गया।
अपने उद्बोधन में माननीय मुख्य अतिथि पूज्य आचार्य शांतनु महाराज ने कहा कि आज बड़े हर्ष का विषय है कि इस विद्यालय में पुरातन छात्र का प्रतिभा सम्मान पुरातन छात्र के द्वारा ही किया जा रहा है। यह हम सभी के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हमें अपने लक्ष्य से कभी भटकना नहीं चाहिए। लक्ष्य को ध्यान में रखकर अपने को उच्चतम स्तर पर प्रमाणिक साबित करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के सभी भैयाओं को आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
अंत में विद्यालय के उपाध्यक्ष श्री अभय पाल जी ने सभी अतिथियों, आगंतुकों, मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ आचार्य शैलेन्द्र त्रिपाठी जी ने किया। इस कार्यक्रम में प्रबन्ध समिति के सदस्य प्रहलाद मोदी जी, प्रान्त शारीरिक प्रमुख अरविन्द त्रिपाठी, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य उमेश मणि त्रिपाठी, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर कीे प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह, विद्यालय के आचार्य श्री विजय प्रताप पाठक, विनोद सिंह, राजीव श्रीवास्तव, आशीष सिंह, उपेन्द्रनाथ द्विवेदी, रंजीत सिंह, प्रदीप गुप्ता, अंकित कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।