Wednesday, June 26, 2024
बस्ती मण्डल

आर्य वीर दल शिविर का समापन कल पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित-ओम प्रकाश आर्य

बस्ती।आज थल सेना दिवस और मकर संक्रांति के अवसर पर अदम्य साहस पराक्रम और बलिदान के प्रतीक भारतीय थल सेना के सभी वीरों को आर्य वीर दल बस्ती ने विशेष यज्ञ कर ईश्वर से उनके सुरक्षा व सहायता के लिए प्रार्थना की। यज्ञ कराते हुए पंकज आर्य प्रान्तीय प्रभारी आर्य वीर दल उत्तर प्रदेश ने कहा कि संसार के समस्त देवी देवताओं की पूजा एक साथ यज्ञ के माध्यम से की जा सकती है इसीलिए यज्ञ को सभी देवताओं का मुख कहा गया है। आर्य समाज बस्ती द्वारा आयोजित व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर में प्रशिक्षक प्रशांत आर्य के सानिध्य में बच्चों ने आत्मरक्षार्थ लाठी, जूडो कराटे, त्रिदेश मुष्टि प्रहार, अर्द्धमुष्टि प्रहार, हस्ततल प्रहार आदि का अभ्यास किया। इस अवसर पर प्रधान आयोजक ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि 16जनवरी को आर्य समाज द्वारा मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक, फायर सर्विस व अन्य पुलिस कर्मियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में महेश शुक्ल जिलाध्यक्ष बी जे पी भी सम्मिलित होंगे। कहा कि बच्चे राष्ट्र की अमल्य निधि होते हैं इनका संरक्षण माता पिता और आचार्य के माध्यम से होता है। उत्तम संस्कारवान माता-पिता ही अपने बच्चों को सक्षम गुरू के हाथों में सौंप पाते है जिससे उनका अतुलनीय निर्माण हो पाता है। आर्य वीर दल निश्चित रूप से ऐसी ही पौध तैयार कर रहा है। आर्य वीर दल शस्त्र का प्रयोग शास्त्र के अनुसार ही करता है इसके माध्यम से हमारे देश का युवा अपने राष्ट्र को निरन्तर रक्षित करता रहता है। बौद्धिक कक्षा में प्रशिक्षक कृष्ण पाल आर्य ने बच्चों को संस्कृति रक्षा व सेवा भाव के बारे में बताते हुए सेवा को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
शिविर संचालक अदित्यनारायण गिरि ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में स्वावलंबन व भाईचारे की भावना का विकास होता है। आपसी विचार विनिमय से उनकी तर्कशक्ति तेज होती है जो आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से देवव्रत आर्य वेद कुमार आर्य, राजेन्द्र जायसवाल व दिलीप कसौधन अनूप तिवारी, दिनेश मौर्य, अनिशा मिश्रा, श्रध्दा, अंशिका पाण्डेय, रूपा, वन्दना, राधा सहित अनेक लोगों ने विशेष सहयोग किया।