Saturday, May 18, 2024
राजनैतिक

भाजपा में टिकट के दावेदारों की लगी है लंबी कतार

-हाईकमान करवा रहा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सर्वे

मेरठ 4 जनवरी 2022 (ख़) उत्तरप्रदेश में आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा में टिकटों को लेकर मंथन शुरू गया है। दिल्ली और मध्य प्रदेश भाजपा की टीम पश्चिम उत्तरप्रदेश में सर्वे कर रही है। जो टीम सप्ताह भर में जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं की राय लेकर पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट पेश करेगी।

विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि अब भाजपा ने टिकटों को लेकर फाइनल राउंड सर्वे शुरू करा दिया है। इसके तहत पश्चिम उत्तरप्रदेश की सभी 71 सीटों की जिम्मेदारी दिल्ली और मध्यप्रदेश के भाजपा नेताओं को दी गई है। एक प्रदेशस्तरीय नेता को एक-एक मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं तीन-तीन पदाधिकारियों को एक-एक विधानसभा क्षेत्र में लगाया गया है।

वहीं मेरठ जैसे बड़े जिलों में 20-20 लोगों की टीम भेजी गई है। टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है। दिल्ली भाजपा के प्रदेशस्तरीय पदाधिकारी को मेरठ मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। उनके नेतृत्व में एक बार सभी जिलों का दौरा किया जा चुका है। वे आम लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की भी राय ले रहे हैं। अब फाइनल राउंड में कार्यकर्ताओं और आम लोगों से वर्तमान विधायक व टिकट के अन्य दावेदारों के नामों को लेकर भी करीब 100 लोगो से राय ली जा रही है।

सर्वे पूरा होने पर पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट दी जाएगी। उसके बाद नेतृत्व जिले की कोर कमेटी में उन नामों को रखेगा। यदि कोर कमेटी में भी उन नामों पर मुहर लगाई तो प्रदेश नेतृत्व को सिफारिश की जाएगी। उसके बाद केन्द्रीय चुनाव समिति में विचार होगा। माना जा रहा है कि यह सर्वे पूरा होते ही सभी सीटों पर टिकट के दावेदारों के नामों पर मंथन कर भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की घोषणा पार्टी हाईकमान जल्द ही कर सकता है।