Monday, July 1, 2024
गोरखपुर मण्डल

मतदाता सूची के लिंगानुपात में 45 अंक की वृद्धि

देवरिया (गुरूमीत सिंह)जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि जनपद की मतदाता सूची लिंगानुपात में 45 अंक की बड़ी वृद्धि दर्ज हुई है। 1 जनवरी 2021 को मतदाता सूची का लिंगानुपात 848 था जो नवंबर 2021 में चले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत बढ़कर 893 हो गया है। मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य जारी है। शीघ्र ही जनपद की मतदाता सूची का लिंगानुपात 900 का आंकड़ा पार करेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में कुल 23,34,661 मतदाता हैं, जिसमें से 12,33,542 पुरुष तथा 11,01,028 महिला मतदाता हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में मतदाता सूची के लिंगानुपात को सुधारने पर विशेष बल दिया गया। स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत 1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली किशोरियों को मतदात सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मोहल्लों, कॉलेजों-महाविद्यालयों में विशेष कैंप आयोजित किये गए। आईसीडीएस विभाग ने उन महिलाओं की सूची उपलब्ध कराई जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं था। ऐसी महिलाओं को लक्षित करके उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया गया।
वरासत अभियान के डाटा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरासत के आकंड़ों का प्रयोग करके मृत मतदाताओं को सूची से बाहर किया गया, जिससे लिंगानुपात में वृद्धि दर्ज हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हाल ही में लखनऊ में संपन्न बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री सुशील चंद्रा ने जेंडर रेशियो में जनपद देवरिया के प्रगति की प्रशंसा की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद की मतदाता सूची में महिलाओं की बढ़ी संख्या लोकतंत्र के लिए एक सुखद संकेत है। इससे महिलाओं की निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ेगी, जिससे महिला सशक्तिकरण की प्रक्रिया तेज होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य जारी है। 1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता अभी भी आवेदन कर रहे हैं। उम्मीद है कि शीघ्र ही जनपद देवरिया के मतदाता सूची का लिंगानुपात 900 का आंकड़ा पार करेगा। उन्होंने महिलाओं से बढ़-चढ़कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील भी की।

*बॉक्स संख्या 1*

*विधानसभा क्षेत्र* *लिंगानुपात*
रुद्रपुर 913
देवरिया सदर 891
पथरदेवा 886
रामपुर कारखाना 864
भाटपाररानी 875
सलेमपुर 896
बरहज 930

*कुल* *893*

*प्रचारित प्रसारित द्वारा सूचना विभाग देवरिया।*