Tuesday, July 2, 2024
बस्ती मण्डल

जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न धान क्रय केन्द्रों का किया गया औचक निरीक्षण

संत कबीर नगर।(कालिन्दी मिश्रा) जिलाधिकारी दिव्या मित्तल द्वारा आज मंगलवार को धान क्रय केन्द्र विपणन शाखा मण्डी स्थल खलीलाबाद, विपणन शाखा मण्डी स्थल खलीलाबाद-बी, पी0सी0एफ0 क्रय केन्द्र मण्डी यार्ड-ए, पी0सी0एफ0 क्रय केन्द्र मण्डी स्थल खलीलाबाद-बी0, कृिष उत्पादन मण्डी समिति क्रय केन्द्र मण्डी खलीलाबाद का औचक निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के समय पाया खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में जनपद का कुल लक्ष्य 79700.00 मी0टन के सापेक्ष दिनांक 20.12.2021 तक 52713.535 मी0टन धान की खरीद 6281 कृषकों से किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जिला खाद्य विपणन अधिकारी रूपेश सिंह के साथ आज मण्डी में स्थित धान क्रय केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। विपणन शाखा मण्डी स्थल खलीलाबाद के निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी राजेश राम, विपणन निरीक्षक उपस्थित मिले। मौके पर इन्द्रजीत सिंह पुत्र राम सिंह ग्राम-सिरमोहिनी के लगभग 50.00 कु0 धान की तौल हो रही थी।। केन्द्र पर दिनांक 20 दिसम्बर 2021 तक 203 कृषकों से खरीद किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने किसान के आनलाइन पंजीकरण प्रपत्र को देखा मौके पर धान का अधिक भण्डारण होने पर इसे तत्काल चावल मिलों पर प्रेषण करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये।
जिलाधिकारी ने विपणन शाखा मण्डी स्थल खलीलाबाद-बी के निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी राजेश राम, विपणन निरीक्षक केन्द्र पर उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने निरीक्षण में पाया कि मौके पर चन्द्र मोहन मिश्रा पुत्र मदुमनाथ मिश्रा ग्राम-बिसरापार के लगभग 40.00 कु0 धान की तौल हो रही थी। 20 दिसम्बर 2021 तक कुल 11234.00 कु0 धान की खरीद किया गया है। उन्होंने धान को आनलाइन मिलों पर प्रेषण करने के निर्देश सम्बंधित को दिये।
जिलाधिकारी ने पी0सी0एफ0 क्रय केन्द्र मण्डी यार्ड-ए का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी आमिर खान उपस्थित मिले। मौके पर राजदेव पुत्र छांगुर, ग्राम नकहा का धान की तौल हो रही थी। उन्होंने अपने निरीक्षण् में पाया कि किसान मौके पर उपस्थित होकर धान की तौल करा रहे थे। केन्द्र पर 20 दिसम्बर 2021 तक 8188.00 कु0 धान की खरीद 107 कृषकों से किया गया तथा मिल को मात्र 1462.00 कु0 धान का ही सम्प्रदान किया गया है। उन्होंने केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिया कि इसे तत्काल चावल मिलों पर अवशेष धान को प्रेषण करने एवं टोकन रजिस्टर पारदर्शी तरीके से रखना सुनिश्चित करें। जिससे धान खरीद में कोई समस्या उत्पन्न न होने पायें।
जिलाधिकारी द्वारा पी0सी0एफ0 क्रय केन्द्र मण्डी स्थल खलीलाबाद-बी के निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी श्याम सुन्दर गुप्ता उपस्थित मिले। मौके पर फूलदेव पुत्र खुद्दुर, ग्राम-बरईवार पैठाने के लगभग 150 कु0 धान तौल हो रहा था केन्द्र पर उपस्थित कृषकों द्वारा बताया गया कि धान तौल हो रहा है। केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया गया कि वास्तविक कृषकों से ही धान की खरीद करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी द्वारा कृषि उत्पाद मण्डी समिति क्रय केन्द्र मण्डी खलीलाबाद का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता मय स्टाफ के साथ उपस्थित मिलें। मौके पर चन्द्र प्रकाश पुत्र राम आसरे, ग्राम-जिगिना के लगभग 150 कु0 धान तौल हो रही थी। धान के प्रेषण के सम्बन्ध में केन्द्र प्रभारी द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि अभी चावल मिलों में जगह खाली नही है जिससे धान का प्रेषण नही हो पा रहा है।
जिलाधिकारी ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सहित सभी केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि धान का सम्प्रदान तेजी से कराते हुये भारतीय खाद्य निगम में सी0एम0आर0 सम्प्रदान कराना सुनिश्चित करें। जिससे धान खरीद प्रभावित न होने पायें। जिलाधिकारी ने सभी केन्द्र प्रभारियों को यह भी निर्देशित किया कि लगातार क्षेत्र के किसानों से सम्पर्क कर किसानों की धान की तौल ज्यादा से ज्यादा करायी जाय और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिये।