Thursday, July 4, 2024
बस्ती मण्डल

जिला कांग्रेस कमेटी में जारी है इस्तीफों का दौर, 8 महिला नेत्रियों ने दिया इस्तीफा

मै लड़की हूं लड़ सकती हूं’ प्रियंका गांधी के नारे को धता बताकर 8 महिला कांग्रेसियों ने दिया इस्तीफा, जिला कांग्रेस कमेटी की ओर हो रही तौहीन से खफा हैं दिग्गज कांग्रेसी

बस्ती, 17 दिसम्बर। जिले में पुराने निष्ठावान कांग्रेस नेताओं के इस्तीफों का सिलसिला जारी है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारा देकर आधी आबादी को ताकत देने के लिये ऐतिहासिक पहल किया हैं, वहीं जिला कांग्रेस कमेटी की 8 महिलाओं ने आज प्रदेश नेतृत्व को अपना इस्तीफा भेजा है।

महिला नेत्रियों का कहना है जिलाध्यक्ष की मनमानी से त्रस्त होकर वे अपने पद से इस्तीफा दे रही हैं। फिलहाल वे पार्टी को अपना योगदान देती रहेंगी लेकन वर्तमान जिला कार्यकारिणी के मार्गदर्शन में कार्य करना मुश्किल हो गया है। आज इस्तीफा देने वालों में शहर अध्यक्ष नीलम विश्वकर्मा, वार्ड सचिव सुनीता देवी, इन्द्रावती, जिला उपाध्यक्ष विनोद रानी आहूजा, ब्लाक अध्यक्ष कंचन विश्वकर्मा, वार्ड कोषाध्यक्ष राधिका देवी, वार्ड अध्यक्ष गोराम देवी, विमला देवी शामिल हैं। इसके साथ ही कांग्रेस से इस्तीफा देने वालों की संख्या 20 तक पहुंच गयी है।

हैरानी की बात ये है कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से अभी तक कोई ठोस प्रयास नही किया गया जिससे इस्तीफों का दौर थमें। आज 8 महिलाओं के इस्तीफे से कहीं न कहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की महिलाओं को आगे लाकर उन्हे सक्रिय राजनीति में भागीदारी देने की मंशा को धक्का लगेगा। इससे पहले ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’, जिला प्रवक्ता मो. रफीक खां, गिरजेश पाल, सुरेन्द्र मिश्रा, सेवादल के ज्ञानप्रकाश पाण्देय सहित दर्जन भर कांग्रेसी दिग्गज अपने पद से त्यागपत्र दे चुके हैं। पूर्व में त्यागपत्र दे चुके नेताओं का कहना है कि उन्हे पार्टी नेतृत्व से कोई गिला शिकवा नही है, इस वक्त जिला कांग्रेस कमेटी में पुराने कांग्रेसियों को तरजीह नही दी जा रही है। यथोचित सम्मान ने मिलने से कांग्रेसजनों में नाराजगी है। इस्तीफा देने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।