Monday, July 1, 2024
बस्ती मण्डल

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले में आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम

संतकबीरनगर(कालिन्दी मिश्रा) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार दिनांक 02/10/2021 से दिनांक 14/11/2021 के मध्य मनाये जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव अभियान के तहत आज ज़िले में विभिन्न स्थानों पर विधिक सहायता और जागरूकता के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/ जिला जज संत कबीर नगर लक्ष्मी कान्त शुक्ला के निर्देशानुसार सचिव हरिकेश कुमार की अध्यक्षता में नगर पंचायत मगहर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष सीमा वर्मा, जन प्रतिनिधि,आम जनता उपस्थित हुए। परा विधिक स्वयं सेवक जावेद खान, फिरदौस फातिमा, ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया। नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को महिलाओं के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई तथा शासन द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम और पात्र लाभार्थी तक पहुंचने के लिए दृढ़ संकल्प होने का कथन किया गया। सचिव द्वारा शासन द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में आ रही विधिक समस्याओं के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सहायता प्रदान करने के संबंध में जानकारी दी। इसी प्रकार तहसील घनघटा में विद्यार्थियों को जागरूक करने और आजादी का महत्व बताने के लिए कार्यक्रम का आयोजन तहसीलदार रत्नेश तिवारी के निर्देशन में पराविधिक स्वयंसेवक उदयभान और लल्लन आदि के द्वारा किया गया। पराविधिक स्वयंसेवकों द्वारा घर घर जाकर आम जनता को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की और पाम्प्लेट्स का वितरण कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों की जानकारी दी गई।