Breaking News

हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर बस्ती में जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर जताई खुशी

बस्ती। नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन द्वारा नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा किए जाने के साथ ही बस्ती जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई। नई टीम में बस्ती के पूर्व सांसद एवं असम के पार्टी प्रभारी हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर जिलेभर के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
हरीश द्विवेदी को संगठन में राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को बस्ती के लिए गौरव का विषय बताते हुए भाजपा नेता जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा ने रोडवेज स्थित अपने कार्यालय पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस दौरान मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए हरीश द्विवेदी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
भाजपा नेता जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से बस्ती जिले का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति को मिली जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और उत्साह का अवसर है। उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी ने संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और कार्यक्षमता को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने से बस्ती के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। जिले के कार्यकर्ता इसे पार्टी संगठन में बस्ती की बढ़ती भूमिका के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने बस्ती के कार्यकर्ता और पूर्व सांसद को राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण स्थान देकर जिले के लोगों का सम्मान बढ़ाया है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि हरीश द्विवेदी के लंबे राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए हरीश द्विवेदी संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मिठाई वितरण के दौरान कार्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और हरीश द्विवेदी के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बस्ती से निकलकर राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचना जिले के लिए गौरव की बात है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत होता है। हरीश द्विवेदी को मिली नई जिम्मेदारी से बस्ती के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर आकाश सोनी, विमल पाण्डेय, विवेक उपाध्याय, सुनील सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

देर रात भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचीं डीएम-एसपी, कांवड़ियों पर बरसे फूल; ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा मंदिर परिसर

बस्ती। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर सोमवार देर रात भक्ति और उत्साह का …