Breaking News

मनरेगा कार्यों की गुणवत्ता जांचने पहुंचे स्टेट क्वालिटी मॉनिटर, कई गांवों में किया निरीक्षण

बनकटी, बस्ती ( वकील अहमद सिद्दीकी ) बनकटी ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार को स्टेट क्वालिटी मॉनिटर मनरेगा बाबूराम साहू ने वीडीयो भवानी प्रसाद शुक्ल के साथ पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय अभिलेखों की भी गहन जांच की और मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं की गुणवत्ता परखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान टीम ने डेल्हापार, चोलखरी, कडसरी, खैराटी सहित अन्य गांवों में वर्ष 2023-24 एवं 2025-26 के अंतर्गत 5 लाख रुपये से अधिक लागत से कराए गए सीसी रोड, इंटरलॉकिंग सड़क और अन्नपूर्णा भवन जैसे कार्यों की बारीकी से जांच की।अन्नपूर्णा भवन के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दिव्यांगजन के लिए आवश्यक रैम्प का निर्माण नहीं कराया गया है। इस पर नाराजगी जताते हुए मॉनिटर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र रैम्प बनवाने के निर्देश दिए। खैराटी गांव में राम केवल के घर से कृष्णकांत के खेत तक बने सीसी रोड की लंबाई, चौड़ाई और गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया। साथ ही वहां बनी नाली के ढक्कन टूटे पाए गए, जिसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं कडसरी गांव में 312 मीटर लंबाई और 4 मीटर चौड़ाई की इंटरलॉकिंग सड़क पूर्ण रूप से सही पाई गई। इसी तरह चोलखरी गांव में 140 मीटर लंबाई और 3 मीटर चौड़ाई की इंटरलॉकिंग सड़क का कार्य भी संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी सहायकों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और कमियों को जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए। स्टेट क्वालिटी मॉनिटर ने कहा कि मनरेगा के तहत किए जा रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए।

Check Also

जूनियर इन्जीनियर अरुण कुमार पर जानलेवा हमले का मामला गरमायाः धरना देकर किया कार्रवाई की मांग

बस्ती। बाढ कार्य खण्ड बलरामपुर में अधिशासी अभियन्ता की उपस्थिति में उनकेे कक्ष में खण्ड …