Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

कांग्रेस आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव महेन्द्र श्रीवास्तव

बस्ती। यूपी की योगी सरकार के कार्यकाल में महिलायें महफूज़ नही हैं, महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े एक भी मुद्दे दबने नही चाहिये। महिलाओं को न्याय दिलाने के लिये कांग्रेस हर स्तर की लड़ाई लड़ेगी, कार्यकर्ताओं को भी अपने स्तर से तैयार रहना होगा। यह बातें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहीं।

उनसे मुलाकात कर बस्ती लौटे कांग्रेस आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान एक महिला की साड़ी खींचने के मामले को कांग्रेस नेतृत्व ने गंभीरता से लिया और महासचिव स्वयं पीड़िता से मिलने लखीमपुर पहुंची। महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा जो सरकार महिलाओं को सुरक्षा नही दे सकती उससे लोक कल्याण नही हो सकता। उन्होने लोकतांत्रिक तरीकों से मौन धरना दे रहे सैकड़ों कांग्रेसियों पर मुकदमा दर्ज किये जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी, कहा भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र को बंधक बना लिया है, सारे नियम कानून हाशिये पर रखकर सत्ताधारी दल जो भी करे वो लोकतांत्रिक और मर्यादित तरीके से विपक्ष विरोध दर्ज कराये तो वह आपराधिक।

सरकार का ये दोहरा चरित्र जनता देख रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अहंकारी सरकार को उखाड़ फेंकेगी और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का परचम लहरायेगा। कांग्रेस नेता ने कहा पार्टी सांगठनिक तौर पर चुनाव के लिये तैयार है, बस हमे कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुये ऐतिहासिक कार्यों और मौजूदा सरकार की तमाम नाकामियों को लेकर जनता के बीच जाना होगा। महगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों पर जनता का ध्यान केन्द्रित कराना है। जिससे जनता सच और झूठ में फर्क समझे और वादा खिलाफी करने वालों को नकारने का निर्णय ले।