-टोल टैक्स में रियायत और दुर्घटनाएं रोकने के उपायों पर प्रशासन, व्यापारियों व ट्रक एसोसिएशन की संयुक्त बैठक
बस्ती। शुक्रवार को मड़वानगर टोल प्लाजा पर हो रही लगातार सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही मौतों को लेकर प्रशासन, परिवहन विभाग और ट्रक एसोसिएशन के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संयोजन हरैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा ने किया। इस बैठक में पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग, आरटीओ, टोल प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ ट्रक एसोसिएशन और व्यापारियों ने भाग लिया।
बैठक में मड़वानगर टोल प्लाजा क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि टोल प्लाजा के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है, जिससे आम लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर सत्येंद्र भूषण ने कहा कि व्यापारियों और स्थानीय वाहन चालकों की ओर से यह मांग रखी गई है कि जो वाहन स्थानीय हैं और दिन में कई बार टोल प्लाजा से गुजरते हैं, उनके लिए टोल शुल्क में कुछ विशेष छूट का प्रावधान किया जाए। उन्होंने बताया कि इस विषय पर टोल प्रशासन के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है और उम्मीद है कि एक से दो दिनों के भीतर इस संबंध में कोई समाधान सामने आ जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और टोल प्लाजा क्षेत्र में पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई जाएगी ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
वहीं हरैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा ने कहा कि एक ही जिले में तीन-तीन टोल प्लाजा होने के कारण स्थानीय व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और आम वाहन चालकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार टोल टैक्स देना व्यावहारिक नहीं है, इसलिए इसमें निश्चित रूप से रियायत दी जानी चाहिए।
ट्रक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष करूडेंन्द्र सिंह ने भी ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को रखते हुए कहा कि यदि संभव हो तो एक ही टोल प्लाजा पर टोल टैक्स लिया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि दोनों टोल प्लाजा पर टैक्स लिया जाता है तो चौकड़ी टोल प्लाजा पर 25 प्रतिशत और मड़वानगर टोल प्लाजा पर 10 प्रतिशत टोल वसूला जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग रखी कि मड़वानगर टोल प्लाजा को राष्ट्रीय मानकों के अनुसार कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थापित किया जाना चाहिए।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि टोल प्लाजा के आसपास दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था की जाए। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई करने का भी सुझाव दिया गया।
बैठक के अंत में सभी पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि सड़क सुरक्षा और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी, ट्रक एसोसिएशन के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा टोल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
BNT LIVE www.bntlive.com