Breaking News

ओझा डायग्नोस्टिक सेंटर पर लगे आरोप भ्रामक, रेडियोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर को लेकर दी सफाई

-सोशल मीडिया पर वायरल खबर को बताया भ्रामक, कहा– जल्दबाजी में कुछ मरीज बिना हस्ताक्षर वाली रिपोर्ट लेकर चले जाते हैं

बस्ती। बुधवार को सोशल मीडिया पर ओझा डायग्नोस्टिक सेंटर को लेकर एक खबर तेजी से वायरल हुई, जिसमें अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में रेडियोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर न होने का आरोप लगाया गया था। इस मामले को लेकर ओझा डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक ने सामने आकर अपना पक्ष रखते हुए आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है।
संचालक ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो खबर प्रसारित की जा रही है, वह तथ्यहीन है और इससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके सेंटर पर सभी मेडिकल प्रक्रियाएं नियमानुसार की जाती हैं और रिपोर्ट पर रेडियोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर भी किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि कभी-कभी ऐसी स्थिति बन जाती है जब मरीज या उनके परिजन काफी जल्दबाजी में होते हैं। कई बार मरीज को तुरंत किसी डॉक्टर को दिखाना होता है, जिसके कारण वे रिपोर्ट तैयार होते ही उसे लेकर चले जाते हैं। ऐसे मामलों में कभी-कभार रिपोर्ट पर हस्ताक्षर या मोहर बाद में होने की स्थिति बन जाती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। सेंटर में मरीजों की सुविधा और सही जांच रिपोर्ट देने को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी सरकारी नौकरी में नहीं हैं और अधिकतर समय सेंटर पर ही उपलब्ध रहते हैं, जिससे किसी प्रकार की दिक्कत होने पर मरीज या उनके परिजन सीधे संपर्क कर सकते हैं।
संचालक ने यह भी कहा कि अगर किसी रिपोर्ट पर हस्ताक्षर या मोहर से संबंधित कोई भी संदेह होता है तो मरीज सेंटर पर आकर उसे तुरंत पूरा करवा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना सत्यता जाने किसी भी प्रकार की खबर या सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि इससे अनावश्यक रूप से संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि ओझा डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्देश्य मरीजों को बेहतर और विश्वसनीय जांच सुविधा उपलब्ध कराना है। सेंटर पर आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने के लिए पूरी टीम हमेशा प्रयासरत रहती है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी सभी जांच और रिपोर्ट पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप ही दी जाएंगी।

Check Also

भगवान श्रीकृष्ण व माता रुक्मिणी का विवाह प्रेम व आदर्श का प्रतीक हैःआचार्य डॉ महेश दास जी महाराज

बस्ती। जनपद के ग्राम मेहनौना में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की …