Monday, July 1, 2024
बस्ती मण्डल

भाजपा नेता यशकान्त ने किया दोषियों के गिरफ्तारी की मांग

बस्ती । भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष यशकान्त सिंह ने सोनहा थाना क्षेत्र के मैलानी साहेब वाजिद निवासी वीरेन्द्र पाण्डेय के हत्या मामले में दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिये जाने की मांग पुलिस अधीक्षक से किया है। इस मामले में रूधौली विधायक संजय प्रताप जायसवाल एवं भाजपा नेता यशकान्त सिंह, संजय चौधरी ने मुख्यमंत्री से भेंटकर उन्हें स्थितियों से अवगत कराया।
भाजपा नेता यशकान्त सिंह ने यहां प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि वे गत 7 जून को मैलानी साहेब वाजिद गांव में श्रीकृष्ण पाण्डेय के घर पर आयोजित रामायण पूर्णाहूति में गये थे, शाम को आयोजित भजन संध्या के दौरान राजनीतिक रंजिशवश ब्लाक प्रमुख पद के दावेदार अंकुर भारती के उकसाने पर गोलवंद होकर हारे हुये प्रधान प्रत्याशी राजकुमार पाण्डेय आदि ने वीरेन्द्र पाण्डेय, अनिल पाण्डेय, सन्तोष आदि को बुरी तरह से मारा पीटा। इस दौरान घटना के दूसरे दिन वीरेन्द्र पाण्डेय की घर पर ही मौत हो गई। सोनहा पुलिस ने घटना में न तो वीरेन्द्र पाण्डेय की मेडिकल जांच कराया न ही पीड़ित परिवार को कोई सुरक्षा ही दिया गया। उनका परिवार काफी डरा हुआ है। अंकुर भारती के संरक्षण में मामले को रफा दफा करने का षड़यंत्र किया जा रहा है।
भाजपा नेता यशकान्त सिंह ने समूचे प्रकरण के उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुये नामजद 6 आरोपियों पिरैला नरहरिया निवासी अंकुर भारती एवं मैलानी साहेब वाजिद निवासी राजकुमार पाण्डेय, कमलेन्द्र, अखिलेश्वर, जय प्रकाश तथा फूलचन्द को तत्काल गिरफ्तार किये जाने की मांग किया है। बताया कि घटनाक्रम के पीछे सुनियोजित राजनीतिक साजिश और रामनगर व्लाक का प्रमुखी चुनाव है, इसमें अंकुर भारती दहशत पैदाकर क्षेत्र का वातावरण अशान्त करना चाहता है। बताया कि वास्तविक स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया गया है। इसके बावजूद अभी तक सोनहा पुलिस ने मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं किया है।