Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

चुनावी रंजिश को लेकर प्रधानपति समर्थकों के साथ पूर्व प्रधान के घर पर बोला हमला

महुली/संतकबीरनगर।(सुभाष सिंह) थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा खुर्द में शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर वर्तमान प्रधान अपने दर्जनों समर्थकों के साथ पूर्व प्रधान के घर पर चढ़ गया। गालियां बकते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। आक्रोशित लोगों ने पूर्व प्रधान के समर्थकों की महिलाओं की पिटाई कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले उत्पात मचा रहे लोग भाग गए। इस मामले में पूर्व प्रधान ने प्रधान पति, जेई समेत आठ नामजद तथा चालीस अज्ञात के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।ज्ञात हो कि महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौरा खुर्द की खुली बैठक ग़ुरूवार को गांव में हो रही थी। इसी दौरान निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्य पप्पू राजभर उपस्थित सचिव से किसी सम्बन्ध में बातचीत कर रहा था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर प्रधानपति गिरजेश चौरसिया, देवर जेई जसवंत समर्थकों के साथ पहुंचा। पप्पू राजभर के अनुसार इस दौरान उक्त लोग उसकी पिटाई करते हुए कुर्सी से धक्का देकर गिरा दिया। बैठक में अफरातफरी मच गई। किसी तरह मामले को शांत कराया। इसके बाद देर शाम पूर्व प्रधान अवधेश उर्फ़ बबलू मौर्य एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए बाइक से जा रहे थे। अवधेश मौर्य के अनुसार बीच रास्ते मे कार सवार प्रधान का देवर पहुंचा। गाली देते हुए बाइक रोकवा लिया और कहा कि तुम्हारे जो ग्राम पंचायत सदस्य चुने गए है। सबकी सदस्यता निरस्त करा देंगे। शुक्रवार को गौरा खुर्द पहुंचे प्रधान पति, देवर से जब पूर्व प्रधान अवधेश मौर्य ने विवाद का कारण जानने का प्रयास किया तो प्रधान पति बौखला गया। फोन से अपने समर्थकों को गांव में बुलाया। एक साथ पूर्व प्रधान अवधेश मौर्य के घर पर चढ़ गया। मारने के लिए दौड़ा लिया। इस दौरान वर्तमान प्रधान पति के साथ पहुंचे समर्थकों ने गांव के अन्य घर मे घुसकर महिलाओं को मारपीटकर घायल कर दिया। मारपीट में गीता देवी पत्नी महेंद्र कुमार, इंदु पत्नी सन्तोष, हरिनारायण को मारपीटकर घायल कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले उत्पति भाग गए। पूर्व प्रधान अवधेश मौर्य ने प्रधान पति समेत आठ नामजद व चालीस अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।