Tuesday, July 2, 2024
बस्ती मण्डल

शातिर अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा

हर्रैया/बस्ती। छावनी थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, उ0नि0 राम भवन प्रजापति, का0 पंकज यादव की टीम ने शुक्रवार को काफी समय से फरार चल रहे अभियुक्त को गुजरात प्रदेश के द ग्रैंड भगवती होटल मुगदल्ला सूरत से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त पर छावनी थाना में कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

जानकारी के अनुसार रवि कुमार सिंह पुत्र रामप्रकाश निवासी मनेपुर थाना मंगलपुर जनपद कानपुर देहात पर एक महिला के साथ बलात्कार करने, शादी का झांसा देकर अपने साथ रखने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने, मारपीट करने, गाली देेने, धमकी देते हुए घर से भगा देने के संबंध में छावनी थाना पर अभियोग पंजीकृत है। अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक बस्ती द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध गिरफ्तारी हेतु ₹15000 के पुरस्कार की घोषणा की गई थी।

उक्त संबंध में छावनी पुलिस द्वारा गुजरात, सहारनपुर, कानपुर जैसे अनेक जगहों पर दबिश देकर गिरफ्तार करने का प्रयास किया था किंतु पुलिस को चकमा देकर अभियुक्त हमेशा बचता रहा है। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अभियुक्त का लोकेशन ज्ञात कर गुजरात प्रदेश के द ग्रैंड भगवती होटल मुगदल्ला सूरत से विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को छावनी थाना पर लाया गया जिसके उपरांत अभियुक्त के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्य एवं बयानात के आधार आवश्यक कार्यवाही करते हुए मु0अ0सं0 224 /20 धारा 376, 313 ,323,504 ,506 आईपीसी के तहत न्यायालय बस्ती के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु भेज दिया गया।