Tuesday, July 2, 2024
बस्ती मण्डल

कोरमा में भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ प्रारम्भ हुआ श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ

कुदरहा/बस्ती।कुदरहा ब्लाक अंतर्गत श्री ब्रम्हदेव बाबा मन्दिर परिसर कोरमा में नौ दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ का शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारम्भ हुआ। अवध धाम से पधारे कथा वाचक पं० प्रदीप शास्त्री जी महाराज की मौजूदगी में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कलश शोभा यात्रा में शामिल हुए।
गाजे बाजे के साथ निकली कलश शोभा यात्रा के दौरान कलश लिए कन्याओं का समूह सहित स्थानीय लोगों का जत्था पौराणिक सरयू नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर स्थापित किया। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु माथे पर पीली पट्टी और हाथों में ध्वज लिए हुए थे। जय श्री राम और भोले शंकर के जयघोष से समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रीराम कथा का शुभारंभ करते हुए कथा वाचक पं० प्रदीप शास्त्री जी महाराज नें मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की कथा का बखान करते हुए कहा कि जो जीव भवसागर से पार जाना चाहता है उसके लिए श्रीराम कथा दृढ़ नौका के समान है। इस नाव पर बैठ करके इस संसार सागर से जीव पार हो जाता है।
यज्ञ शुभारम्भ के दौरान व आयोजित कलश यात्रा में यज्ञाचार्य पिन वृजराज शास्त्री, मंदिर पुजारी मंगल प्रसाद ओझा, मुख्य यजमान ठाकुर शरण ओझा, जयकरन ओझा, सूर्यनारायण ओझा, सरयू प्रसाद ओझा, राम चन्दर वर्मा, दीप नारायन चौधरी, धर्मेन्द्र पटेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।