Wednesday, June 26, 2024
उत्तर प्रदेश

भाजपा का ग्राम चौपाल अभियान 20 मार्च तक

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गांव, गरीब, किसान तक मोदी सरकार व योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ग्राम चैपाल अभियान के माध्यम से जनसंवाद कर रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने 11 मार्च से प्रारम्भ हुए ग्राम चैपाल अभियान को विस्तार देते हुए 20 मार्च तक बढ़ा दिया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश नेतृत्व ने ग्राम चैपाल अभियान के माध्यम से 11 मार्च से 18 मार्च तक जनसंवाद का कार्यक्रम तय किया था। प्रदेश कार्यसमिति बैठक के कारण आगामी 20 मार्च तक ग्राम चैपाल अभियान को विस्तार दिया गया है।
प्रदेश मंत्री संजय राय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर जिला मुख्यालयों पर प्रेसवार्ता सहित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में उपस्थित प्रभारी मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, बोर्ड, आयोग एवं निगमों के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष ग्राम चैपाल में पहुंचकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व निर्णयों को लेकर ग्रामीणों के बीच जनसंवाद करेंगे।