Tuesday, July 2, 2024
बस्ती मण्डल

किसानोें के साथ छल कर रही है भाजपा- दुर्विजय सिंह

बस्ती । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं गोण्डा जनपद के संगठन सृजन प्रभारी दुर्विजय सिंह ने बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता में कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार अन्नदाता किसानों के साथ छल कर रही हैं। अच्छा हो कि सरकार किसानों की सुने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमसपी) पर गारन्टी देने के साथ ही किसान विरोधी तीनों काले कानूनों को वापस लिया जाय।
पत्रकारोें के प्रश्नों का उत्तर देते हुये वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज कुमार त्रिपाठी ने किसानों के सवाल पर प्रदेश की योगी सरकार को घेरते हुये कहा कि चीनी मिलों पर किसानों का अरबों रूपया बकाया है किन्तु सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य दर तक निर्धारित नहीं किया जबकि दावा किसानों की आय को दो गुना करने का हो रहा है। कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ है और केन्द्र सरकार को हठवादिता छोड़ किसान समस्याओं का सर्वमान्य हल निकालना चाहिये। कहा कि यदि सरकार ने किसान समस्याओं का हल न निकाला तो कांग्रेस संघर्ष करने को बाध्य होगी। श्री त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सरकार में लोकतांत्रिक अधिकार छीने जा रहे हैं। सहारनपुर में प्रियंका गांधी की रैली को रोका जाना इसका उदाहरण है। कानून व्यवस्था ध्वस्त होती जा रही है और यूपी में वर्दीधारी तक सुरक्षित नहीं है।
प्रेस वार्ता में कप्तानगंज व्लाक अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, रघुनाथ चौहान, गंगा मिश्र, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’ सोमनाथ पाण्डेय, अनुराग पाण्डेय, ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, दीपक पाण्डेय आदि शामिल रहे।