Saturday, June 29, 2024
बस्ती मण्डल

योगी सरकार न तो जनभावनाओं का सम्मान करना जानती है और न चुनावी वादों को लेकर कोई गंभीरता है-काजी इमरान लतीफ

बस्ती। सदर विधानसभा क्षेत्र के नगहरा और वाल्टरगंज में आयोजित आम आदमी पार्टी की दो नुक्कड़ सभाओं में 100 से ज्यादा लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। मुख्य अतिथि एवं प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. काजी इमरान लतीफ ने उत्तर प्रदेश सरकार पर जनाधिकार छीनने का आरोप लगाया। कहा योगी सरकार न तो जनभावनाओं का सम्मान करना जानती है और न चुनावी वादों को लेकर कोई गंभीरता है। बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ रही है।

अपराधों पर कोई लगाम नही रहा, महिलाओं पर अत्याचार और बढ़ गये, बिजली बिलों के नाम पर लूट मची है, लेकिन सरकार ने जनता को राहत देने की दिशा में कोई ठोस कदम नही उठाया। अरबों रूपया गौशालाओं पर खर्च करने के बावजूद दुट्टा जानवर किसानों की फसले बरबाद कर रहे हैं। ढाई महीने से देश का अन्नदाता सड़कों पर धरना दे रहा है, सरकार उसके मुंह से पानी तक छीन ले रही है। पूर्व ग्राम प्रधान एवं समाजसेवी अरविन्द दूबे ने अपने तमाम समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होने कहा आगामी पंचायत चुनाव पार्टी और जनता के लिये अवसर है।

पूर्व लोकसभा लोकसभा प्रत्याशी आनंद राजपाल ने कहा प्रदेश की जनता को रामराज्य का सपना दिखाकर भारतीय जनता पार्टी ने ठग लिया। मौजूदा हालात जो हैं उसे देखकर इसे रामराज्य कहना पूरी रामायण को अपमानित करने जैसा है। व्यापारी नेता ने कहा मार्यादा पुरूषोत्तम के दरबार में एक कुत्ता न्याय मांगने पहुंचा, कहा हम तो दरबार में आ नही सकते, हमे न्याय देने के लिये राजा को खुद आना पड़ेगा। मार्यदा पुष्षोत्तम भगवान राम अपनी गद्दी छोड़कर उसकी फरियाद सुनने पहुंचे और उसे न्याय दिलाया। ऐसी कथा प्रचलित है। जिस दिन शासक के मन में जनता के प्रति इतना सम्मान आ जायेगा उस दिन वाकई रामराज्य आ जायेगा। यह भी कहा कि जिला पंचायत की कमान पार्टी के हाथ आई तो वैभव कर तत्काल समाप्त कर दिया जायेगा।

इससे पूर्व महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष इरम रिज़वी ने आधी आबादी के हक और सुरक्षा के लिये आम आदमी पार्टी द्वारा किये गये कार्यों की सराहना की। देश व प्रदेश की घमंडी और संवेदनहीन सरकार को वापस भेजने के लिये जनता को आगे आना ही होगा। आम आदमी पार्टी को जनविश्वास मिला तो दिल्ली मॉडल को यूपी में लागू कर विकसित उत्तर प्रदेश बनाकर पूरी दुनिया के सामने पेश करने में कोई कसर नही छोड़ेंगे। तिलकराम चौधरी, जिलाध्यक्ष रामयज्ञ निषाद, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, विरेन्द्र कसौधन आदि ने सम्बोधित किया। सभाओं का संचालन आप नेता सत्यप्रकाश पटेल ने किया। चंद्रभान कनौजिया, अशोक श्रीवास्तव, महिला विंग की जिलाध्यक्ष किरण यादव, शेषनाथ चौधरी, सईद अख्तर, मुरली यादव, पीसी पांडे, रोशन चौधरी सहित क्षेत्र की जनता मौजूद रही।