Breaking News

बस्ती में ‘विवेकानंद 125’ यात्रा का युवाओं से संवाद, डॉ. निखिल यादव ने दिया चरित्र निर्माण का संदेश

-कलवारी के जीएसपी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थी, युवा और शिक्षक हुए शामिल

बस्ती । स्वामी विवेकानंद की 125वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में 11 सितंबर 2026 से 12 जनवरी 2028 तक संचालित हो रहे ‘विवेकानंद 125 : From Campus to Community’ अभियान के तहत विवेकानंद 125 यात्रा रविवार को बस्ती जिले पहुंची। यात्रा के नेतृत्वकर्ता एवं विवेकानंद केंद्र, उत्तर प्रांत के सह-प्रमुख डॉ. निखिल यादव 25, 26 और 27 सितंबर को जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं।

इसी क्रम में रविवार को जीएसपी स्कूल, कलवारी, बस्ती में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के निदेशक शिवम पांडेय एवं प्रधानाचार्य अज्ञाराम वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थी, युवा एवं शिक्षक शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. निखिल यादव ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को अपने जीवन के लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करना चाहिए। जीवन के लक्ष्य की पहचान जितनी जल्दी होगी, आगे बढ़ने की दिशा उतनी ही स्पष्ट और प्रभावी होगी।

उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को केवल पुस्तकों और भाषणों तक सीमित न रखने, बल्कि उन्हें अपने जीवन और समाज में व्यवहार के रूप में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और सकारात्मक सोच, अनुशासन, चरित्र एवं सेवा भाव के माध्यम से युवा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रवादी गीतों और नारों से विद्यालय परिसर का वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया। विद्यार्थियों एवं युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

डॉ. निखिल यादव ने कहा कि बस्ती में इस कार्यक्रम का आयोजन उनके लिए विशेष हर्ष का विषय है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में उनके विद्यार्थी रहे तथा वर्तमान में बस्ती निवासी शुभम पांडेय और बिन्देश यादव के प्रयासों से यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश आज भी युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, युवा एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Check Also

बस्ती में 50वीं जूनियर बालक जोन सी ओपन स्टेट कबड्डी चैम्पियनशिप का भव्य शुभारंभ

मनीष मिश्रा की पहल से गांव की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, जीडी मिश्रा …