संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज, भुजैनी में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प जागरूकता’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े दो महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में सुपोषण जागरूकता अभियान के तहत स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व पर चर्चा हुई, जबकि दूसरे सत्र में एचआईवी/एड्स से बचाव और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए छात्र-छात्राओं को आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में गोरक्ष प्रांत स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख डॉ. राजेश मुख्य अतिथि रहे। हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज के वरिष्ठ अध्यापक भास्कर मणि त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि तथा सेवा भारती के उपाध्यक्ष गिरीश दत्त पांडे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्रबंधक एवं संरक्षक उदयराज तिवारी तथा प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सुपोषण केवल व्यक्ति के स्वस्थ शरीर तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला है। संतुलित आहार और उचित पोषण के अभाव में स्वस्थ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि भास्कर मणि त्रिपाठी ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए खान-पान की आदतों में सुधार जरूरी है। लोगों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश ने कहा कि कुपोषण से मुक्ति के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं और विद्यार्थियों को स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है।
महाविद्यालय के प्रबंधक एवं संरक्षक उदयराज तिवारी ने कहा कि शिक्षण संस्थान की भूमिका केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है। समाज के सर्वांगीण विकास में भी शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से महाविद्यालय लगातार विद्यार्थियों के साथ समाज को भी जागरूक करने का प्रयास कर रहा है।
एचआईवी/एड्स को लेकर भ्रांतियां दूर करने पर जोर
दूसरे सत्र में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयुक्त जिला चिकित्सालय संत कबीर नगर के परामर्शदाता अजीत नाथ त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को एचआईवी/एड्स के कारण, बचाव और आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स से बचाव में जागरूकता और सही जानकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। बीमारी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करना आवश्यक है। सुरक्षित जीवनशैली अपनाने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि एचआईवी से प्रभावित लोगों के प्रति समाज को संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण रखना चाहिए। जागरूकता का उद्देश्य केवल बीमारी से बचाव तक सीमित नहीं, बल्कि प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव और गलत धारणाओं को समाप्त करना भी है।
कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ला ने किया। अंत में डॉ. रंगनाथ तिवारी ने अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
BNT LIVE www.bntlive.com