अयोध्या से आए आचार्य करेंगे शंखनाद, पुष्पवर्षा के साथ होगा भव्य अभिनंदन
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं असम प्रभारी हरीश द्विवेदी के अपने गृह जनपद बस्ती में प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। उनके स्वागत के लिए फुटहिया में भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रबल दावेदार इंजीनियर अरविन्द पाल के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक फुटहिया पहुंचकर राष्ट्रीय महामंत्री का जोरदार स्वागत करेंगे।
इंजीनियर अरविन्द पाल ने बताया कि हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री जैसा महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव का विषय है। उनके प्रथम आगमन को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं। फुटहिया में स्वागत स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने बताया कि स्वागत समारोह में विशेष आकर्षण अयोध्या से आए आचार्यों द्वारा किया जाने वाला शंखनाद होगा। वैदिक परंपरा और उत्साह के बीच शंखनाद के साथ हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया जाएगा। इस अवसर पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
इंजीनियर अरविन्द पाल ने कहा कि हरीश द्विवेदी ने अपनी संगठनात्मक क्षमता और समर्पण के बल पर बस्ती का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी से जिले के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि फुटहिया पर होने वाला स्वागत केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बस्ती की जनता की ओर से अपने जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ भाजपा नेता के प्रति सम्मान एवं गौरव की अभिव्यक्ति होगा।
स्वागत कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। फुटहिया पर होने वाले इस भव्य स्वागत समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं और कार्यकर्ता राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
BNT LIVE www.bntlive.com