Breaking News

आवास विकास से पुरानी बस्ती तक निकली निशान यात्रा, भंडारे व भजन-कीर्तन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

बस्ती। शहर के आवास विकास स्थित गेट पर भगवान खाटू श्याम जी के भंडारे एवं भजन-कीर्तन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इसी क्रम में आज आवास विकास से पुरानी बस्ती तक भव्य निशान यात्रा भी निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बाबा खाटू श्याम के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया।
कार्यक्रम का संयोजन पहल संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी मनीष मिश्रा के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मनीष मिश्रा, जीडी मिश्रा एवं आलोक पाण्डेय ने विधि-विधान से भगवान खाटू श्याम जी का पूजन-अर्चन किया और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजक मंडल की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।
निशान यात्रा आवास विकास से प्रारंभ होकर पुरानी बस्ती तक पहुंची। श्रद्धालु हाथों में बाबा खाटू श्याम के निशान लेकर यात्रा में शामिल हुए। रास्ते भर बाबा के जयकारों और भजनों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक वातावरण के बीच लोगों ने बाबा के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की।
जीडी मिश्रा ने कहा कि भगवान खाटू श्याम जी के इस धार्मिक आयोजन के लिए मनीष भैया एवं पूरी आयोजन मंडल को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि बाबा खाटू श्याम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और पूरे समाज का कल्याण करें। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं।
संजय मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन बहुत ही सराहनीय है। जिस श्रद्धाभाव और भक्ति के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया, उसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि निशान यात्रा में जिस तरह श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की, वह बाबा खाटू श्याम के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाता है।
भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु बाबा के भजनों पर भावविभोर नजर आए। कार्यक्रम के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजक मंडल ने कार्यक्रम एवं निशान यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Check Also

विधायक विकास निधि से सरदार पटेल संस्थान को मिलेंगे 25 लाख, अंकुर राज तिवारी ने सीडीओ को भेजा प्रस्ताव

संतकबीरनगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में विधायक अंकुर राज …