Breaking News

धरना प्रदर्शन की तैयारी तेज, बनकटी ब्लॉक में प्रधानों की अहम बैठक

बनकटी, बस्ती ( वकील अहमद सिद्दीकी ) विकासखंड बनकटी के सभागार कक्ष में शुक्रवार को प्रधान संघ अध्यक्ष रविचंद पांडेय के नेतृत्व में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय प्रधान संघ के प्रस्तावित 20 मई को लखनऊ स्थित रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अखिल भारतीय प्रधान संघ बस्ती के जिलाध्यक्ष नीरज सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में मौजूद सम्मानित प्रधानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 20 मई को लखनऊ में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बनकटी ब्लॉक के अधिक से अधिक प्रधान साथी भाग लेंगे, ताकि अपनी मांगों को मजबूती से सरकार तक पहुंचाया जा सके।
प्रधानों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि 26 मई को समाप्त हो रहे ग्राम प्रधानों के कार्यकाल को, चुनाव न होने की स्थिति में, यथावत आगे बढ़ाया जाए। इस विषय पर सभी प्रधानों ने एकजुटता दिखाते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक के समापन पर सभी प्रधान साथियों ने विकासखंड बनकटी के नवनियुक्त ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायण रघुनाथ सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायण रघुनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधान गांव की सरकार की रीढ़ होते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह प्रधानों के हितों की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे और उनकी आवाज को उच्च स्तर तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास करेंगे। जिलाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में प्रधानों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी प्रधानों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में 20 मई को लखनऊ पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाएं, ताकि सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने के लिए बाध्य किया जा सके।
बैठक में क्षेत्र के दर्जनों प्रधान उपस्थित रहे और सभी ने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Check Also

रसूख के आगे बेबस बीडीए? अवैध निर्माण पर खामोशी, उठ रहे गंभीर सवाल

बस्ती जनपद में विकास प्राधिकरण (बीडीए) की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में …