बनकटी/बस्ती(वकील अहमद सिद्दीकी) विकासखंड बनकटी के ग्राम दौलतपुर में 25 केवी का ट्रांसफार्मर जल जाने से लगभग 600 की आबादी पिछले चार दिनों से भीषण बिजली संकट का सामना कर रही है। गांव में अंधेरा छाया हुआ है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर जलने की घटना के बाद से ही गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गर्मी और उमस के इस मौसम में बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है, क्योंकि अधिकांश हैंडपंप और मोटर बिजली पर निर्भर हैं। गांव के निवासी लालजी शुक्ला, अजय शुक्ला, राम जी शुक्ला, विजय शुक्ला, शिवचरण, राम जतन, जगदंबा, देवेंद्र, बेचू प्रसाद, मनोज भारती, सुरेश भारती, डब्लू शुक्ला सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और छोटे व्यवसाय सभी प्रभावित हो रहे हैं। रात के समय अंधेरे के कारण सुरक्षा की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
BNT LIVE www.bntlive.com