Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

किसान चौपाल में शरद कालीन गन्ना बुवाई पर दिया गया जोर

बस्ती। उप गन्ना आयुक्त संजय गुप्ता ने कहा है कि सरकार गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि यंत्रों समेत अन्य जरूरी सामग्रियों व उर्वरकों पर अनुदान दे रही है। जिससे की किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादकता मिल सके।
उप गन्ना आयुक्त ग्राम कोरऊ में किसानों के गन्ना फसलों का निरीक्षण करने के बाद चौपाल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शरद कालीन गन्ना की बुवाई करने की किसानों से अपील करते हुए कहा कि इससे वे ग्रीष्म काल से बीस से पच्चीस फीसदी अधिक उपज पा सकते हैं। चीनी मिल मुंडेरवा के प्रधान प्रबंधक ब्रजेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि मिल के कुशल संचालन के लिए मांग के अनुसार गन्ने की आपूर्ति भी हर हाल में सुनिश्चित करनी होगी। यह कार्य हमारे किसान भाइयों के सहयोग से ही संभव है। इसके लिए प्रदेश सरकार किसानों को हर सम्भव मदद कर रही है। गन्ने की खेती के लिए पचास प्रतिशत अनुदान पर कीटनाशक, उर्वरक समेत अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करा रही है। जिसका अधिक से अधिक किसानों को लाभ उठाना चाहिए। प्रधान प्रबंधक ने किसानों से सह फसली खेती करने पर भी जोर दिया। चीनी मिल के सीनियर केन मैनेजर एन पी वर्मा व सीडीआई डा.उपेंद्र सिंह ने चौपाल में किसानों को गन्ने के उन्नत प्रजाति की जानकारी देते हुए अधिक उपज प्राप्त करने की सलाह दी। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों के साथ ही मिल की कार्यदाई संस्था लिनिंग सिक्यूरिटी सर्विस के कर्मचारी भी मौजूद रहे।