Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

वर्तमान में महिलाओं की दशा में सुधार आया है-राकेश सिंह बघेल

संत कबीर नगर।(कालिन्दी मिश्रा) मिशन शक्ति के तीसरे चरण के शुभारम्भ अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार संत कबीर नगर में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मा0 विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एक रक्षाबन्धन तथा मास्क प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लखनऊ के इन्दिरा गॉधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। समारोह को राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारत सरकार की वित्त एवं कारपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने सम्बोधित किया। महिला कल्याण मंत्री श्रीमती स्वाती सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दिया। कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा घोषणा की गयी की उ0प्र0 के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराये जाने हेतु बैंक सखी की तैनाती की जाएगी। महिला सुरक्षा एवं उनको त्वरित न्याय दिलाये जाने के क्रम में प्रत्येक थानों पर महिला वीट पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।

लखनऊ में आयोजित समारोह में कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत 1.55 लाख कन्याओं को अनुदान राशि सीधे उनके खाते में स्थानान्तरित की गयी, जिसमें से संत कबीर नगर की 1768 कन्याओं को लाभान्वित किया गया। समारोह में पुलिस विभाग की डा0 शालिनी सिंह निरीक्षक, श्रीमती गौरी शुक्ल, उ0नि0, प्रतिभा सिंह, ग्राम्य विकास विभाग से श्रीमती अनिता, अनिता सिंह आदि 61 महिलाओं को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
मा0 विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल ने कहा कि केन्द्र एंव राज्य की सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके स्वावलम्बन के लिए योजनाए संचालित कर रही है। उन्होने कहा कि वर्तमान में महिलाओं की दशा में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का परिणाम है कि महिलाओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढने का अवसर मिल रहा है। उन्होने प्रधानमंत्री जनधन योजना, आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मातृत्व सुरक्षा योजना के साथ-साथ कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, स्वामित्व योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इससे समाज में महिलाओं का सम्मान बढा है। पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत से अधिक महिलाए ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख चुनी गयी है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने सम्बोधन में कहा कि जब तक हमारे समाज में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता नही फैलेगा तबतक देश का विकास सम्भव नही है। इस अवसर पर उन्हांेने उपस्थित सभी महिलाओं से अह्नवान किया कि महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं के लिए हो रहें अपराधों के संबंध में जनजागरूकता से ही एक बेहतर समाज का निर्माण हो सकता है। इसके लिए सभी महिलाओं को बढ़-चढ़कर समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डा0 कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी अतुल मिश्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्वेता त्रिपाठी, जिला विकलांग अधिकारी प्रियंका यादव सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं भारी संख्या में महिला उपस्थित रहें।