बस्ती (वकील अहमद सिद्दीकी) जनपद के मशहूर बाल रोग विशेषज्ञ एवं किलकारी हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. सरफराज खान ने उमस भरी भीषण गर्मी में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में छोटे बच्चों की सेहत पर सबसे ज्यादा असर पड़ता है, इसलिए खान-पान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
डॉ. सरफराज खान ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, बुखार और त्वचा संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं। ऐसे में बच्चों को ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ देना चाहिए। घर का बना ताजा भोजन ही खिलाएं और बाहर के खाने से परहेज करें।
उन्होंने सलाह दी कि बच्चों को साफ और उबला हुआ ठंडा पानी पिलाएं। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस घोल भी समय-समय पर देते रहें ताकि शरीर में पानी और जरूरी लवणों की कमी न हो। छोटे बच्चों को हल्का और सुपाच्य भोजन जैसे खिचड़ी, दाल-चावल, मौसमी फल आदि देना फायदेमंद होता है।
डॉ. सरफराज खान ने कहा कि बच्चों को तेज धूप में बाहर न निकलने दें, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनाएं तथा सिर को ढककर रखें। घर में साफ-सफाई बनाए रखें और बच्चों को ठंडे व हवादार स्थान पर रखें।
उन्होंने यह भी बताया कि अगर बच्चे को तेज बुखार, बार-बार उल्टी, दस्त या सुस्ती जैसी समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और लापरवाही न बरतें। डॉ. खान ने अभिभावकों से अपील की कि वे इस मौसम में बच्चों की दिनचर्या, खान-पान और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें, ताकि बच्चे स्वस्थ और सुरक्षित रह सकें।
BNT LIVE www.bntlive.com