Breaking News

गौसिया जामा मस्जिद में ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

बनकटी, बस्ती ( वकील अहमद सिद्दीकी ) ईद के मौके पर बनकटी स्थित गौसिया जामा मस्जिद में ईद की नमाज अकीदत और भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ मस्जिद में उमड़ी, जहां लोगों ने नमाज अदा कर देश व प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।

ईद के इस खास अवसर पर लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी, पक्कवा बाजार, अहिरौली, बराहुआ, हिनौता, देवरी, बानपुर, मथौली, पंखोंबारी, बर्रोहिया, महथा, रौतापार समेत आसपास के गांवों की मस्जिदों में भी नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। हर जगह लोगों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। सभी प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात रहे और लगातार गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
लालगंज थाना पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने पाई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया, जो नए कपड़ों में ईद की खुशियां मनाते नजर आए।
प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में ईद का त्योहार शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Check Also

राजन इंटरनेशनल एकेडमी में पीटीएम के दौरान उमड़ा अभिभावकों का विश्वास, बच्चों के प्रदर्शन ने जीता दिल

बस्ती। शनिवार को राजन इंटरनेशनल एकेडमी में आयोजित शिक्षिका-अभिभावक सम्मेलन का माहौल भावनाओं और संतोष …