Breaking News

77वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन बस्ती में नृत्यधाम की नृत्य-नाटिका की धूम, यातायात व साइबर जागरूकता संदेश को मिली सराहना

बस्ती। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नृत्यधाम के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विशेष नृत्य-नाटिका ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में यातायात नियंत्रण, सड़क सुरक्षा एवं साइबर क्राइम जैसे महत्वपूर्ण विषयों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसकी मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों एवं दर्शकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम का निर्देशन कथक गुरु मास्टर शिव (नाटिका) एवं राजीव रंजन (नृत्य) ने किया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय और भावपूर्ण नृत्य के माध्यम से यह संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन, सड़क सुरक्षा के प्रति सजगता और साइबर अपराधों से बचाव आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। नृत्य-नाटिका के हर दृश्य में सामाजिक सरोकार स्पष्ट रूप से झलकते रहे, जिससे दर्शक न केवल मनोरंजन से जुड़े बल्कि जागरूक भी हुए।
प्रस्तुति के उपरांत कार्यक्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं आशीर्वाद प्रदान किया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रस्तुतियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम हैं और युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस नृत्य-नाटिका में मास्टर शिव (निर्देशन), राजीव रंजन, आदित्य सोनकर, सूरज, माही, पलक चौधरी, सिमरन चौधरी, महक, संदीप यादव, सलमान, शारिब, खुशी, सविता, आदित्य राव, राजकुमारी सोनी, नीलम शर्मा, दिशा श्रीवास्तव, शिवांगी, प्रीति, मोना, अंशु, मोनु सहित अन्य कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। सभी कलाकारों ने समर्पण और अनुशासन के साथ मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
समारोह के अंत में उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। गणतंत्र दिवस के इस विशेष अवसर पर नृत्यधाम की यह प्रस्तुति न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से यादगार रही, बल्कि सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश भी देने में सफल रही।

Check Also

सेवा के बल पर राजनीति में कदम: रुधौली से चाँदनी चौधरी ने ठोकी दावेदारी, बोलीं– पति का सेवाभाव बनेगा मेरी ताकत

-बिना पद के समाजसेवा से बनी पहचान, महिलाओं की भागीदारी पर दिया सशक्त संदेश रुधौली/बस्ती। …